Singhwara News: NH-27 पर अज्ञात वाहन ने कार में मारी टक्कर, एयरबैग खुलने से बची चार लोगों की जान

क्षतिग्रस्त कार
NH-27 पर एक कार को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे लखनऊ के एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए. कार के एयरबैग खुलने से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया.
Singhwara News: सिमरी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच-27 पर भराठी वृहद आश्रय स्थल के समीप गुरुवार दोपहर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से कार में टक्कर मार दी. हादसे में लखनऊ के एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए. कार का एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया. सभी घायलों को डायल-112 पुलिस की मदद से इलाज के लिए मब्बी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया.
लखनऊ से गुवाहाटी जा रहा था परिवार
घायलों की पहचान लखनऊ निवासी मनीष कुमार सिंह (40), उनकी पत्नी पूनम सिंह (38), पुत्र आर्यन कुमार सिंह (12) और पुत्री आरोही सिंह (8) के रूप में हुई है. बताया गया कि परिवार कार से लखनऊ से गुवाहाटी जा रहा था. इसी दौरान भराठी वृहद आश्रय स्थल के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
घायल मनीष कुमार सिंह ने बताया कि टक्कर लगते ही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे सभी की जान बच गई. उनका कहना था कि यदि एयरबैग नहीं खुलता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था.
दुर्घटना में मनीष के सीने और पेट, पूनम के हाथ, आर्यन के पैर और चेहरे तथा आरोही को भी चोटें आई हैं. चिकित्सकों ने पूनम सिंह के हाथ में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए एनएच-27 पर लगे सीसीटीवी कैमरों तथा टोल प्लाजा के फुटेज की जांच की जा रही है. पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










