दरभंगा: जाले सहयोग शिविर में 90 आवेदन प्राप्त, 30 दिनों में होगा समाधान, विधायक जीवेश ने दिया भरोसा
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 02 Jun 2026 7:55 PM
सहयोग शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक जीवेश कुमार
दरभंगा के जाले प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर में 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का मौके पर निपटारा किया गया. शिविर में राशन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं. पढ़ें पूरी खबर...
जाले, दरभंगा से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
Darbhanga News: प्रखंड क्षेत्र के गररी स्थित मध्य विद्यालय बंधौली और जोगियारा पंचायत के श्रीरामजी प्रिया उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. डीडीसी स्वप्निल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं.
बंधौली शिविर में स्वास्थ्य जांच को लेकर दिखी रुचि
बंधौली शिविर में स्वास्थ्य जांच के लिए सर्वाधिक 95 लोग पहुंचे. राजस्व विभाग से संबंधित चार आवेदनों में तीन का निपटारा किया गया. विद्युत विभाग के सात मामलों में चार का समाधान हुआ, जबकि मनरेगा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े सात-सात मामलों का भी मौके पर निष्पादन किया गया.
खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग से संबंधित एक दर्जन आवेदनों में नौ लाभुकों को तत्काल राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया. ग्रामीणों ने हर घर नल-जल योजना ठप रहने के कारण पेयजल संकट की शिकायत भी दर्ज कराई.
जोगियारा शिविर में 90 आवेदन प्राप्त
जोगियारा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 15 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया. शिविर में सात लोगों का आधार कार्ड बनाया गया, चार लाभुकों को राशन कार्ड और चार लोगों को शौचालय निर्माण की राशि उपलब्ध कराई गई.
विधायक ने कम उपस्थिति पर जताई चिंता
शिविर में पहुंचे स्थानीय विधायक जीवेश कुमार ने लोगों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति पर चिंता जताई. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग शिविर को अधिक प्रभावी बनाने की अपील की. विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गरीबों और जरूरतमंदों के कार्य 30 दिनों के भीतर पूरे किए जाने हैं.
समस्याओं के समाधान का आश्वासन
सीओ वत्सांक ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी लंबित आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा और उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. जोगियारा शिविर में घोरपरास समस्या से संबंधित 32 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन ने विशेष रूप से अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










