Darbhanga News: हथियार के साथ दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात की योजना नाकाम
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 8:56 PM
केवटी में हथियार के साथ दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात की योजना नाकाम
Darbhanga News: दरभंगा के केवटी में पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर अपराधियों को देसी पिस्टल और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है.दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे बड़ी वारदात की फिराक में थे.पढे़ं पूरी खबर…
दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले की केवटी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है.पुलिस ने सोमवार की देर रात कदमटोली गांव में छापेमारी कर एक देसी पिस्टल और अपाचे बाइक के साथ दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है.इसबड़ी कामयाबी को लेकर एसडीपीओ सदर-2 सह कमतौल सर्किल के एसके सुमन ने मंगलवार दोपहर केवटी थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस (पीसी) कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया.
आम के बगीचे में रची जा रही थी बड़ी आपराधिक साजिश
एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि केवटी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमटोली गांव के समीप एक आम के गाछी में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं.सूचना मिलते ही केवटी थानाध्यक्ष सदन राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की.पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी की और मौके से दो बदमाशों को दबोच लिया.पुलिस को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने पास के तालाब के किनारे पिस्टल और गोली फेंक दी थी.पुलिस ने खोजबीन कर तालाब के किनारे से एक देसी पिस्टल बरामद कर ली, हालांकि गोली बरामद नहीं हो सकी.मौके से एक अपाचे बाइक भी जब्त की गई है.
दोनों गिरफ्तार बदमाशों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान केवटी थाना क्षेत्र के कयामचक निवासी विकास कुमार यादव और मझिगामा निवासी सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है.दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है.विकास कुमार यादव के खिलाफ केवटी थाने में कांड संख्या 46/21, 371/22, 448/22, 43/21, 143/24 और 151/26 दर्ज हैं, और वह पहले भी आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है.वहीं, उसका सहयोगी सुनील कुमार यादव कमतौल के एक शादी समारोह में पिस्टल लहराने के मामले (कांड संख्या 45/26) में नामजद आरोपी है.
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों अपराधी भेजे गए जेल
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को दोनों बदमाशों का सीएचसी केवटी रनवे में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केवटी थानाध्यक्ष सदन राम के साथ पुलिस पदाधिकारी नीतीश कुमार और मोहम्मद लुकमान खां भी मुख्य रूप से मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










