दरभंगा: भीषण गर्मी और लू का टॉर्चर, सूनी हो रहीं सड़कें, खेतों में जुताई कर रहे किसान
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 05 Jun 2026 6:40 AM
खेत में ट्रैक्टर से जुताई करते किसान
Darbhanga News: जाले में भीषण गर्मी और लू के कारण सुबह 10 बजे के बाद सड़कें सूनी हो रही हैं. तपिश के बीच जहां किसान खेतों की जुताई में जुटे हैं, वहीं डॉक्टरों ने दोपहर में धूप से बचने और अधिक पानी पीने की सलाह दी है. जानिए पूरी खबर…
दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट.
Darbhanga News: जाले प्रखंड समेत पूरे दरभंगा जिले में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. सुबह सूर्योदय के साथ ही तेज धूप और उमस लोगों को बेहाल करने लगती है, जबकि दिन चढ़ने के साथ चल रही गर्म पछुआ हवा (लू) हालात को और अधिक कठिन बना रही है. स्थिति यह हो गई है कि सुबह 10 बजे के बाद प्रखंड क्षेत्र की अधिकांश सड़कें लगभग सूनी हो जाती हैं. लोग अपने जरूरी काम सुबह-सुबह निपटाकर जल्द से जल्द घर लौटने में ही भलाई समझ रहे हैं. इस बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है.
सुबह सात बजे से ही सूर्य के रौद्र रूप, झुलसा रहे लू के थपेड़े
पिछले दो-तीन दिनों से सूर्य देव सुबह सात बजे से ही अपना रौद्र रूप दिखाने लगते हैं. जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ता है, धूप की तपिश और लू के थपेड़े लोगों को झुलसाने लगते हैं. सुबह 10 से 11 बजे के बीच ही धरती तवे की भांति गर्म हो जाती है. ऐसे में जरूरी काम से घर से बाहर निकलने वाले लोग सिर से लेकर पैर तक खुद को कपड़ों से ढंकने को मजबूर हैं. बाजार में गमछा, टोपी, छाता, धूप का चश्मा और पानी की बोतल जैसी चीजें अब लोगों की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी हैं.
तपती धूप में भी खेतों की जुताई कर रहे किसान, चिकित्सक ने दी खास सलाह
इस भीषण गर्मी के बावजूद किसान रबी की फसल की कटाई के बाद खाली पड़े खेतों में उगे खर-पतवारों को नष्ट करने के लिए खेतों की जुताई करवाने में व्यस्त हैं. मौसम के इस कड़े मिजाज को देखते हुए जाले रेफरल अस्पताल के एमओआईसी डॉ विवेकानंद झा ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
लू से बचाव के लिए चिकित्सक ने दिए ये जरूरी टिप्स
उन्होंने बताया कि इस मौसम में लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी या तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए. बाहर निकलते समय हमेशा सूती कपड़े पहनें और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें. चिकित्सक ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने तथा शाम पांच बजे के बाद ही कहीं आवाजाही करने की सलाह दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










