Darbhanga News: दो वर्षीय बीएड में पहले दिन 3513 एवं शिक्षाशास्त्री में 07 छात्र-छात्राओं ने कराया निबंधन

Edited by PRABHAT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Darbhanga News:जारी आदेश के अनुसार पंजीयन की प्रक्रिया 29 जून तक होगी.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा. दो वर्षीय बीएड एवं शिक्षाशास्त्री में नामांकन के लिए राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीइटी-बीएड-2025) के सफल छात्र- छात्राओं के लिए कॉलेजों के चयन के साथ पंजीयन की प्रक्रिया स्टेट नोडल यूनिवर्सिटी (लनामिवि) ने सोमवार से शुरू कर कर दी है. जारी आदेश के अनुसार पंजीयन की प्रक्रिया 29 जून तक होगी. पहले दिन बीएड में 3513 एवं शिक्षा शास्त्री में 07 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया है. विश्वविद्यालय का कहना है कि जो छात्र- छात्रा पंजीयन नहीं कराएंगे, उन्हें काउंसेलिंग सह नामांकन की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा. सीइटी के सफल अभ्यर्थी अपने लॉग इन क्रेडेंशियल्स से सीइटी-बीएड-2025 के आधिकारिक वेबसाइट https://biharcetbed-lnmu.in पर लॉग इन कर काउंसेलिंग से संबंधित कोटिवार, सामान्य 1000 रुपया, पिछड़ा वर्ग 750 रुपया एवं अनुसूचित जाति/महिला 500 रुपया ऑनलाइन जमा कर, कॉलेजों का चयन करेंगे. कम-से-कम तीन एवं अधिक से अधिक नौ कॉलेजों का चयन किया जा सकेगा.

339 कॉलेजों में 37150 सीटों पर होना है नामांकन

बता दें कि 28 मई को परीक्षा हुई थी. परिणाम 09 जून को प्रकाशित किया गया. इस वर्ष एनसीटीइ के आदेश के आलोक में राज्य के 14 विश्वविद्यालयों के 339 कॉलेजों में 37150 सीटों पर नामांकन होना है. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 150 सीट सहित दो कॉलेजों की संख्या कम हो गई है. इस वर्ष छह सरकारी, 28 अंगीभूत कॉलेज, 305 संबद्ध कॉलेज, 22 अल्पसंख्यक एवं सात महिला कॉलेज में एनसीटीइ से स्वीकृत 37150 सीटों के विरुद्ध नामांकन होना है.

इन विश्वविद्यालयों में इतनी सीटें

आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के 33 कॉलेजों में 2850, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के 57 कालेज में 6150, भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा में 12 कॉलेजों में 1250, जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में 15 कॉलेजों में 1500, केएसडी संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा में 100 सीट पर नामांकन लिया जाना है. ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में 33 कॉलेजों में 3750, मगध विश्वविद्यालय, बोध गया में 48 कॉलेजों में 6000, मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, पटना में 32 कॉलेजों में 3200, मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के पांच कालेज में 500, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना के 55 कॉलेजों में 6350, पटना विश्वविद्यालय, पटना के तीन कॉलेजों में 300, पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के 10 कॉलेजों में 1100, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के 15 कॉलेजों में 1600 सीट एवं वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के 20 कॉलेजों में 2350 सीट पर नामांकन होगा.

चार जुलाई को प्रकाशित की जायेगी कॉलेज आवंटन सूची

राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. अशोक कुमार मेहता ने बताया कि काउंसेलिंग के लिए पंजीकृत छात्र- छात्राओं की मेधा एवं कोटि के आधार पर कॉलेज आवंटन सूची चार जुलाई को वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी. पांच से 15 जुलाई तक कॉलेज आवंटन के बाद 3000 रुपये गैर वापसी योग्य आंशिक शुल्क जमा करना होगा. यह शुल्क कॉलेज में नामांकन शुल्क के साथ समायोजित हो जाएगा. पांच से 16 जुलाई के बीच आवंटित कॉलेजों में छात्र नामांकन लेंगे. फीस की जानकारी वेबसाइट पर देखी जा सकती है. नामांकन नहीं लेने पर दोबारा मौका नहीं मिलेगा. प्रो. मेहता ने छात्र-छात्राओं से कहा है कि वे अपनी सुविधानुसार नजदीकी कॉलेज का ही चयन करें. जो कालेज आवंटित किया जाय, वहां नामांकन लेकर जगह सुरक्षित कर लें. ऐसा नहीं करने पर हो सकता है, आगे नामांकन से वंचित होना पड़े. किसी भी प्रकार की असुविधा पर मो. 09431041694 तथा इ-मेल cetbedhelpdesk@lnmu.ac.in पर सम्पर्क किया जा सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHAT KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन