बापू की चंपारण यात्रा की याद में 18 को सात किमी पदयात्रा करेंगे सीएम
Updated at : 14 Apr 2017 7:28 AM (IST)
विज्ञापन

मोतिहारी : महात्मा गांधी की चंपारण यात्रा की याद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 18 अप्रैल को सात किमी तक पदयात्रा करेंगे. चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 17 अप्रैल की शाम मोतिहारी पहुंचेंगे. वह स्थानीय परिसदन में रात्रि विश्राम करेंगे और 18 अप्रैल को सुबह 7:10 बजे मोतिहारी से […]
विज्ञापन
मोतिहारी : महात्मा गांधी की चंपारण यात्रा की याद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 18 अप्रैल को सात किमी तक पदयात्रा करेंगे. चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 17 अप्रैल की शाम मोतिहारी पहुंचेंगे. वह स्थानीय परिसदन में रात्रि विश्राम करेंगे और 18 अप्रैल को सुबह 7:10 बजे मोतिहारी से चंद्रहिया के लिए रवाना होंगे.
मुख्यमंत्री कार से चंद्रहिया जायेंगे, लेकिन वहां से पदयात्रा करते हुए वापस गांधी मैदान, मोतिहारी पहुंचेंगे. यह दूरी लगभग सात किमी की है. गांधी मैदान के बाल उद्यान में लगी गांधी प्रतिमा पर वह माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद वापस परिसदन चले जायेंगे. दिन में तीन बजे मुख्यमंत्री फिर गांधी मैदान पहुंचेंगे, जहां पर एसडीओ कोर्ट में सौ साल पहले दिये गये गांधी जी के ऐतिहासिक वक्तव्य के मंचन के गवाह बनेंगे.
इसके बाद मुख्यमंत्री दिन में लगभग चार बजे सभा को संबोधित करेंगे. शाम पांच बजे वह पटना लौट जायेंगे है. मुख्यमंत्री के दौरे से पहले तैयारियां जारी हैं. गांधी मैदान में पंडाल और स्टॉल बनाये जा रहे हैं, जिनमें गांधी विचार से जुड़ी प्रदर्शनी लगायी जायेगी. जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारी हो रही है. इसको लेकर बैठकों का दौर चल रहा है. गांधी जी की चंपारण यात्रा को लेजर शो के जरिये भी दिखाया जायेगा.
17 को पटना में सम्मान समारोह
चंपारण सत्याग्रह शताब्दी समारोह को लेकर 17 अप्रैल को देश भर के स्वतंत्रता सेनानियों को पटना में सम्मानित किया जायेगा. इसमें शामिल होने के लिए प्रदेश के जिलों से बसों से स्वतंत्रता सेनानी पटना आयेंगे. जिलों से इन्हें भेजने की जिम्मेदारी वहां के डीएम की होगी. डीएम स्वतंत्रता सेनानी, उनके एक-एक परिजन, एक प्रोटोकॉल ऑफिसर और दो मेडिकल स्टॉफ की टीम को एक बस से भेजेंगे.
जिलों से बसें सीधे पटना के चयनित होटल में पहुंचेंगी. सभी होटलों में सरकार की ओर से एक-एक प्रोटोकॉल ऑफिसर तैनात रहेंगे, जो स्वतंत्रता सेनानियों से संपर्क में रहेंगे. वहीं, दूसरे राज्यों से आनेवाले स्वतंत्रता सेनानियों को रिसीव करने के लिए पटना जंकशन पर 15 अप्रैल से एक रिसेप्शन काउंटर खोला जा रहा है. यहां अधिकारियों का एक दल तैनात होगा. आनेवाले स्वतंत्रता सेनानियों को प्रोटोकॉल ऑफिसर यहां से सीधे चयनित होटल ले जायेंगे, जहां उनके रहने-खाने की व्यवस्था की गयी है. पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में होनेवाले सम्मान समारोह की तैयारी को लेकर 15 अप्रैल को मॉक ड्रिल भी किया जायेगा. वहीं, 17 अप्रैल को समारोह के बाद भोजन के लिए अलग-अलग काउंटर तय किये गये हैं. एक-एक काउंटर साउथ इंडियन व नार्थ इंडियन व्यंजनों के लिए होगा. भोजन के रूप में खिचड़ी, दलिया, चपाती, कद्दू-नेनुआ की सब्जी समेत अन्य व्यंजन भी परोसे जायेंगे. सम्मान समारोह की तैयारी को लेकर गुरुवार को शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव आरके महाजन की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें शिक्षा विभाग के सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, विशेष सचिव विकास कुमार, विशेष सचिव विनोद कुमार सिंह, जन शिक्षा के निदेशक विनोदानंद झा, सहायक निदेशक मिर्जा गालिब, ओम प्रकाश शुक्ला समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
3464 स्वतंत्रता सेनानी होंगे सम्मानित
17 अप्रैल को पटना में 814 स्वतंत्रता सेनानी सम्मानित किये जायेंगे. इनमें बिहार के 550 और दूसरे राज्यों के 264 स्वतंत्रता सेनानी होंगे. वहीं, बिहार के 2650 वैसे स्वतंत्रता सेनानी, जो स्वास्थ्य कारणों से समारोह में नहीं आ पा रहे हैं, उन्हें उनके घर पर ही संबंधित जिले के डीएम सम्मानित करेंगे. इसके लिए शिक्षा विभाग ने प्रमंडलवार नौ टीमें बनायी हैं, जो सम्मान की सामग्री को लेकर शुक्रवार को रवाना होंगी और संबंधित जिलों के डीएम को सौंपेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




