धान के खेत में युवक का मिल शव, बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

Updated:
विज्ञापन

इटाढ़ी-बक्सर रोड जाम करते प्रदर्शनकारी | Prabhat Khabar Network

बक्सर के इटाढ़ी में युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने ऑनर किलिंग का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।

विज्ञापन

Buxar News : एक दिन पूर्व इटाढ़ी बाधार स्थित धान के खेत से 19 वर्षीय युवक उपेंद्र चौधरी का शव बरामद होने के बाद सोमवार को ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा. घटना से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आये और बक्सर-इटाढ़ी मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का गुस्सा काफी बढ़ा हुआ था. प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. विरोध प्रदर्शन के कारण बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही.

प्रेम प्रसंग में हत्या का परिजनों ने लगाया आरोप

मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण किये जाने का आरोप लगाया है. मृतक की मां फूलकुमारी देवी का कहना है कि उनके बेटे का गांव की ही एक लड़की से प्रेम संबंध था. आरोप है कि इससे नाराज लड़की के परिजनों ने युवक की हत्या कर दी और शव को छिपाने के उद्देश्य से धान के खेत में फेंक दिया. हालांकि पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारण और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

शनिवार शाम से लापता था उपेंद्र

परिजनों के अनुसार उपेंद्र चौधरी शनिवार की शाम से अचानक लापता था. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिजन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर ही रहे थे कि रविवार को गांव के बाधार स्थित धान के खेत में उसका शव मिलने की सूचना मिली. शव बरामद होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया.

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही इटाढ़ी अंचल अधिकारी संतोष कुमार प्रीतम और थानाध्यक्ष सोनू पासवान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शुरुआत में ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.

गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद हटे ग्रामीण

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और मामले में नामजद आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण सड़क से हटने के लिए तैयार हुए. इसके बाद बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर यातायात बहाल कराया गया. प्रशासन ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शन समाप्त कराया.


विज्ञापन
ओंकार नाथ मिश्रा

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन