राज्यस्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बक्सर का जलवा, सृष्टि राज और सौरभ सिंह ने जीता गोल्ड

Updated:
विज्ञापन

फोटो- गोल्ड मेडल को दिखाते जिले के दोनो प्रतिभाशाली खिलाड़ी | Prabhat Khabar Network

36वीं बिहार राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बक्सर के सृष्टि राज और सौरभ कुमार सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।

विज्ञापन

Buxar News : मोतिहारी के आर्य विद्यापीठ रघुनाथपुर, बालगंगा में 8 और 9 अगस्त को आयोजित 36वीं बिहार राज्य ताइक्वांडो एवं 9वीं पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में बक्सर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की. राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में दमदार प्रदर्शन किया. सृष्टि राज और सौरभ कुमार सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया.

प्रदेश के करीब एक हजार खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

ईस्ट चंपारण ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित और बिहार ताइक्वांडो एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता में पूरे बिहार से करीब 800 से 1000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. महिला और पुरुष वर्ग में खिलाड़ियों के बीच विभिन्न भार वर्गों में कड़े मुकाबले हुए. इसी प्रतिस्पर्धा के बीच बक्सर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया.

सृष्टि राज ने सीनियर महिला वर्ग में जीता स्वर्ण

बक्सर की सृष्टि राज ने सीनियर महिला वर्ग के अंडर-57 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. कड़े मुकाबलों के बीच सृष्टि ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया.

सौरभ कुमार सिंह ने भी हासिल किया गोल्ड

जूनियर वर्ग के 68-73 किलोग्राम भार वर्ग में सौरभ कुमार सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने मजबूत मुकाबलों के बीच स्वर्ण पदक जीतकर बक्सर को गौरवान्वित किया. दोनों खिलाड़ियों की सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है.

बड़े मंच पर बक्सर के खिलाड़ियों ने दिखाया दम

प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने किया. समारोह के मुख्य अतिथि पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव रहे. विशिष्ट अतिथि डॉ. मो. तबरेज और संरक्षक डॉ. आशुतोष शरण भी मौजूद रहे. प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच बक्सर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया.

संघ के पदाधिकारियों ने दी बधाई

दोनों खिलाड़ियों की शानदार सफलता पर बक्सर ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सुनील सिंह, महासचिव संजय सिंह, कोषाध्यक्ष शैलेश सिंह, अमन कुमार सिंह और सचिन कुमार सिंह ने बधाई दी. पदाधिकारियों ने दोनों विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इतने बड़े राज्यस्तरीय टूर्नामेंट में मिली यह सफलता जिले के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी.


विज्ञापन
आशुतोष सिंह

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन