डुमरांव में तालाब में डूबने से 16 वर्षीय युवक की मौत, दोस्तों के साथ नहाने गया था सूरज
तलब में नहाने के दौरान डूबता सूरज
महड़ौरा तालाब में डूबने से 16 वर्षीय युवक सूरज कुमार की दर्दनाक मौत हो गई. दोस्तों के साथ पूजा करने निकला सूरज तालाब में नहाने गया और गहरे पानी में समा गया. मंगलवार सुबह उसका शव बरामद हुआ, जिससे परिवार में मातम छा गया.
Buxar Drowning Death: सोमवार की सुबह दोस्तों के साथ पूजा करने के लिए घर से निकले 16 वर्षीय युवक की महड़ौरा तालाब में डूबने से मौत हो गयी. युवक सोमवार को घर नहीं लौटा था. मंगलवार की सुबह तालाब में शव मिलने के बाद घटना का खुलासा हुआ. मृतक की पहचान सम्हार गांव निवासी स्व. विनोद सिंह के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है.
दोस्तों के साथ निकला, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार सोमवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ महड़ौरा स्थित शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकला था. इसके बाद वह घर नहीं लौटा. शाम तक परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला. परिजनों ने उसके दोस्तों से भी पूछताछ की. दोस्तों ने बताया कि वे सभी तालाब में स्नान करने के बाद वहां से चले आये थे. सूरज कहां गया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी.
मंगलवार सुबह तालाब में मिला शव
मंगलवार की सुबह महड़ौरा शिव मंदिर में पूजा करने जा रहे लोगों की नजर तालाब में शव पर पड़ी. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डुमरांव पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला. शव की पहचान सूरज कुमार के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया घटनाक्रम
घटना के बाद पुलिस ने तालाब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की. फुटेज में सूरज अपने दोस्तों के साथ तालाब में स्नान करता दिखाई दे रहा है. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. बताया जा रहा है कि उसके दोस्तों को इसकी जानकारी नहीं हुई और वे उसे सामान्य रूप से स्नान करते हुए समझते रहे. कुछ देर बाद सभी दोस्त तालाब से निकलकर वहां से चले गये.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूरज के घर नहीं लौटने के बाद परिजन सोमवार की शाम से ही उसकी तलाश कर रहे थे. मंगलवार की सुबह तालाब से शव बरामद होने के बाद परिवार में मातम पसर गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. डुमरांव थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तालाब से शव बरामद किया गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











