अधूरी नाला सफाई से बढ़ी परेशानी, बारिश में सड़कों पर फैला कचरा, नगर परिषद पर उठे सवाल

सड़क किनारे नाले से निकाला गया सिल्ट
Buxar News : बक्सर में मानसून के देर से आने के बावजूद नगर परिषद नालों की सफाई पूरी नहीं कर पाई. सड़कों पर जमा कचरा और बदबू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. स्थानीय लोग नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.
Buxar News : जिले में मानसून के निर्धारित समय से देर से पहुंचने के कारण नगर परिषद को नालों की सफाई के लिए अतिरिक्त समय तो मिला, लेकिन परिषद इस अवसर का पूरा लाभ नहीं उठा सकी. परिणामस्वरूप मुख्य सड़कों के किनारे स्थित कई नालों की सफाई अब भी अधूरी है. वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण नालों से निकाला गया कचरा वापस सड़कों पर फैल गया है. जानकारी के अनुसार, नगर परिषद द्वारा नालों से निकाले गए कचरे का समय पर निस्तारण नहीं किया गया. कचरा नालों के किनारे और सड़क पर ही छोड़ दिया गया, जो रुक-रुक कर हो रही बारिश में बहकर मुख्य मार्गों पर फैल गया. इससे कई इलाकों में दुर्गंध फैल गई है और राहगीरों के साथ-साथ दुकानदारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आधी-अधूरी सफाई से बढ़ी मुश्किलें
स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले नालों की पूरी तरह सफाई कर ली जानी चाहिए थी, ताकि जलजमाव और संक्रामक बीमारियों से बचाव हो सके. लेकिन नगर परिषद की धीमी कार्यशैली के कारण सफाई कार्य अधूरा रह गया और मानसून के दौरान ही यह समस्या गंभीर हो गई. लोगों का कहना है कि नालों से निकाला गया कचरा सड़क पर पड़ा रहने से फिसलन बढ़ गई है. इससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है.
कचरा उठाव में लापरवाही का आरोप
नगरवासियों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद केवल खानापूर्ति कर रही है. कचरा उठाने के लिए समय पर वाहन नहीं पहुंच रहे हैं और न ही सफाईकर्मियों की नियमित तैनाती दिखाई दे रही है. लोगों ने आशंका जताई कि यदि जल्द कचरा नहीं हटाया गया तो डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.
स्वच्छता पदाधिकारी ने दी सफाई
नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि मानसून से पहले नालों की सफाई कराई गई थी. उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लोगों द्वारा नालों में पॉलिथीन और अन्य कचरा फेंक दिए जाने के कारण नाले फिर से जाम हो गए हैं. फिलहाल उनकी सफाई कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि बारिश रुकते ही शेष नालों की सफाई पूरी कर सड़क पर पड़े कचरे का भी निस्तारण कराया जाएगा. फिलहाल नगर की कई मुख्य सड़कें कचरे और दुर्गंध की समस्या से जूझ रही हैं. ऐसे में लोग मानसून के साथ-साथ नगर परिषद की सक्रियता का भी इंतजार कर रहे हैं.
Also Read : मौत का रास्ता बना 'चाचरपुल', 14 वर्षीय आर्चना की मौत के बाद भी जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










