बक्सर : बोरिंग चालू करने गया था युवक, करंट ने ली जान, खेत में ही तड़पकर 28 वर्षीय दिवाकर ने तोड़ा दम

Updated:
विज्ञापन

पोस्टमार्टम के लिए शव को ले जातीं पुलिस | Prabhat Khabar Network

बिहार के डुमरांव में खेत की सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

कसिया गांव में बुधवार को खेत की सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान कसिया गांव निवासी दिवाकर सिंह उर्फ लड्डू कुमार, पिता मारकंडेय सिंह के रूप में हुई है. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.

बिजली आने के बाद बोरिंग चालू करने गया था युवक

थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि दिवाकर सिंह अपने खेत में पटवन करने गया था. इसी दौरान बिजली चली गयी. बिजली आने के बाद वह बोरिंग चालू करने पहुंचा, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया. करंट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही डुमरांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बरसात में बिजली उपकरणों से सावधानी जरूरी

थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने किसानों से बरसात के मौसम में खेतों में पटवन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि पानी और बिजली का संपर्क बेहद खतरनाक हो सकता है. बिजली जाने के बाद दोबारा आपूर्ति शुरू होने पर बोरिंग या अन्य बिजली उपकरण चालू करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए.

गीले हाथ-पैर से बिजली उपकरण छूने से बचें

थानाध्यक्ष ने किसानों को सलाह दी कि बिजली लौटने के बाद बोरिंग चालू करने से पहले हाथ-पैर और शरीर को अच्छी तरह सुखा लें. गीले हाथों से किसी भी बिजली उपकरण को नहीं छूना चाहिए. उन्होंने किसानों से खेतों में बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल करते समय उचित सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की.

जूते-चप्पल पहनकर ही करें बिजली उपकरणों का इस्तेमाल

पुलिस ने किसानों से अपील की कि खेतों में बोरिंग चालू करते समय नंगे पैर नहीं रहें. पैरों में उचित जूते या चप्पल पहनकर ही बिजली के उपकरणों के संपर्क में आएं. थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऐसे हादसों के खतरे को कम किया जा सकता है.


विज्ञापन
सुजीत कुमार ओझा

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार ओझा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन