बक्सर स्टेशन पर ट्रेन में यात्री की मौत, डेढ़ घंटे तक खड़ी रही डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस, यात्री परेशान

Updated:
विज्ञापन

बक्सर स्टेशन पर हंगामा करते यात्री | Prabhat Khabar Network

बक्सर रेलवे स्टेशन पर डिब्रूगढ़-एलटी एक्सप्रेस में एक यात्री की मौत के बाद डेढ़ घंटे तक भारी हंगामा हुआ। जानें पूरी घटना और रेलवे की कार्रवाई।

विज्ञापन

डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस की सामान्य बोगी में गुरुवार की सुबह एक यात्री की मौत के बाद बक्सर रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गयी. ट्रेन को बक्सर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर करीब डेढ़ घंटे तक रोकना पड़ा. इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के बारसोई निवासी 45 वर्षीय मिथुन दास के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ने और तेज बुखार के बाद उनकी मौत हुई.

ट्रेन में अचानक बिगड़ी तबीयत, यात्री की हुई मौत

जानकारी के अनुसार, मिथुन दास अपने मौसेरे भाई रंजीत दास के साथ मुंबई से घर लौट रहे थे. यात्रा के दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हो गयी. रंजीत दास के मुताबिक, ट्रेन में ही मिथुन की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रेन के गार्ड ने डीडीयू-पटना अप रेलखंड पर ट्रेन को बक्सर स्टेशन पर रोक दिया.

बक्सर स्टेशन पर हंगामा करते यात्री | Prabhat Khabar Network
बक्सर स्टेशन पर हंगामा करते यात्री | Prabhat Khabar Network

शव उतारने को लेकर परिजन और रेलवे के बीच बनी स्थिति

मृतक के परिजन शव को बक्सर में उतारना नहीं चाहते थे. उनका कहना था कि शव बक्सर में उतारने पर पोस्टमार्टम कराना पड़ेगा, जिससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. वहीं, ट्रेन के गार्ड शव के साथ ट्रेन को आगे ले जाने के लिए तैयार नहीं थे. इसी बात को लेकर यात्रियों और परिजनों के बीच हंगामा शुरू हो गया.

स्टेशन मास्टर और आरपीएफ टीम ने संभाली स्थिति

हंगामे की सूचना मिलने के बाद स्टेशन मास्टर सक्सेना और आरपीएफ निरीक्षक कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी. स्टेशन के चिकित्सक भी मौके पर मौजूद रहे. काफी बातचीत के बाद शव को ट्रेन से ही आगे भेजने पर सहमति बनी. इसके बाद डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस को रवाना किया गया.

डेढ़ घंटे ट्रेन खड़ी रही, यात्रियों को हुई परेशानी

यात्री की मौत और शव को लेकर बनी स्थिति के कारण ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक बक्सर स्टेशन पर खड़ी रही. इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को काफी परेशानी हुई. कई यात्री ट्रेन से उतरकर स्टेशन पर इंतजार करते रहे. घटना के कारण स्टेशन पर भी काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

मगध एक्सप्रेस से आगे रवाना हुए कई यात्री

डिब्रूगढ़-एलटीटी एक्सप्रेस के रुकने के कारण अप लाइन पर परिचालन प्रभावित हुआ. इसी दौरान नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही मगध एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर तीन से पास कराया गया. डिब्रूगढ़-एलटीटी में सफर कर रहे कई यात्री उतरकर मगध एक्सप्रेस में सवार होकर आगे रवाना हुए.

हो हंगामा के बाद स्टेशन पर अफरा तफरी | Prabhat Khabar Network
हो हंगामा के बाद स्टेशन पर अफरा तफरी | Prabhat Khabar Network

प्रयागराज के पास मौत का यात्रियों ने लगाया आरोप

कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि मिथुन दास की मौत प्रयागराज के आसपास ही हो गयी थी. यात्रियों का कहना था कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई होती तो ट्रेन को बक्सर स्टेशन पर इतने लंबे समय तक रोकने की नौबत नहीं आती. हालांकि, इस संबंध में रेलवे की ओर से जांच की बात कही गयी है.

आरपीएफ ने कहा, स्थिति नियंत्रण में

आरपीएफ निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गयी. यात्री की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की रेलवे स्तर पर जांच की जा रही है.


विज्ञापन
मृत्युंजय सिंह

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन