अचानक बदले मौसम ने किसानों की बढ़ाई मुश्किलें

जिले में शुक्रवार की शाम से शुरू हुई आंधी पानी का प्रभाव शनिवार को भी सुबह तथा शाम में हल्की बूंदा-बांदी के रूप में जारी रहा.
बिहारशरीफ. जिले में शुक्रवार की शाम से शुरू हुई आंधी पानी का प्रभाव शनिवार को भी सुबह तथा शाम में हल्की बूंदा-बांदी के रूप में जारी रहा. हालांकि दोपहर में अवश्य मौसम कुछ साफ हुआ लेकिन बारिश कम होने के बावजूद भी फसलों को नुकसान हुआ है. वैसे भी चैत्र का महीना फसलों को खेतों से खलिहान में तथा खलिहान से घरों में आने का महीना होता है. इस महीने में होने वाली बारिश को कभी अच्छा नहीं माना जाता है. शुक्रवार की रात में भी थोड़ी बारिश तथा शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई वारिश से सभी प्रकार की रवि फसलों को नुकसान हुआ है. इससे जिले के किसान काफी चिंतित नजर आ रहे हैं. शनिवार की आंधी पानी से जहां गेहूं की खड़ी फसलें खेतों में गिर गई है, वहीं प्याज के खेतों में पानी जमा हो जाने से उन्हें भी सड़ने का खतरा बढ़ गया है. जिले मेें गेहूं, दलहन, तिलहन तथा मकई की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इससे इन फसलों के उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. इधर किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है. कई किसानों ने बताया कि फसल पूरी तरह तैयार थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने सब कुछ बर्बाद कर दिया. इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को इस स्थिति का आकलन कर जल्द राहत प्रदान करनी चाहिए. इधर, मौसम के इस बदलाव से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है. शहर के विभिन्न सड़कों पर कीचड़ तथा पानी से लोगों का चलना फिरना कठिन हो गया है. दूसरी ओर तापमान में आई गिरावट से लोग ठंड का एहसास कर रहे हैं . कई घरों में लोग ठंड से बचने के लिए एक बार फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं. छोटे बच्चों तथा बुजुर्गों को दोबारा स्वेटर पहनने की नौबत आ गई है. फिलहाल किसान अपनी फसलों के नुकसान को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं और सरकार से सहायता की उम्मीद लगाए हुए हैं.
ताड़ के पेड़ पर गिरा ठनका:-
स्थानीय दीपनगर थाना क्षेत्र के सिपाह गांव में शनिवार को एक हरे तार के पेड़ पर ठनका गिरने से पेड़ धू- धू कर काफी देर तक जलता रहा. बताया जाता है कि गांव निवासी सीताराम महतो की दुकान के पास तार के पेड़ पर ठनका गिरने से आस पास में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी. इस घटना में गांव के ही शंकर चौधरी ज़ख्मी हो गये हैं. हालांकि जिले के अन्य क्षेत्रों में कहीं कोई बुरी खबर नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




