मुंगेर में जगराता के बाद युवक की हथौड़े से हत्या, भाई के अपहरण का भी आरोप

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 19 May 2026 2:36 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Munger Murder Case: मुंगेर के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जगराता कार्यक्रम के बाद सोने गए युवक की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई, जबकि परिजनों ने उसके भाई के अपहरण का भी आरोप लगाया है.

विज्ञापन

Munger Murder Case: मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट — मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र स्थित मधुबन दरियापुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 22 वर्षीय युवक का शव लहूलुहान हालत में मिला. मृतक की पहचान गांव निवासी कपिल देव बिना के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या हथौड़े से सिर पर वार कर की गई है. वहीं घटना के बाद उसके भाई के लापता होने से मामला और भी गंभीर हो गया है.

जगराता के दौरान चला रहे थे होटल

जानकारी के अनुसार गांव में आयोजित धार्मिक जगराता कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार अपने भाई मनीष कुमार के साथ मिलकर अस्थायी होटल चला रहा था. सोमवार देर रात करीब 12 बजे दोनों भाई दुकान बंद कर गांव स्थित दूसरे घर में सोने चले गए. परिवार के लोगों के मुताबिक सबकुछ सामान्य था, लेकिन सुबह होते ही घर में चीख-पुकार मच गई.

सुबह खून से लथपथ मिला युवक

मंगलवार सुबह जब परिजनों ने नीतीश को उठाने की कोशिश की, तो वह गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया.

भाई के अपहरण का आरोप

मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि वारदात के बाद नीतीश के भाई मनीष कुमार का अपहरण कर लिया गया है. परिवार का आरोप है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक अपहरण की पुष्टि नहीं की है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

Also Read: CM सम्राट बोले- मरीज को रेफर किया तो CS पर होगा एक्शन, बिहार में 30 दिन में शिकायत नहीं सुलझी तो अफसर हटेंगे

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन