नालंदा में NH-20 पर ओवरटेक करने में कार के उड़े परखच्चे, JCB से काटना पड़ा केबिन; युवक की मौत!
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 07 Jun 2026 8:47 PM
JCB से क्षतिग्रस्त गाड़ी को निकाला जा रही है
Nalanda NH 20 Road Accident: पावापुरी ओपी के अभिलाषा होटल के पास हाइवा और कार में भीषण टक्कर हुई. अस्थावां के गोटीया गांव निवासी गणेश मिस्त्री की मौके पर ही मौत, ससुराल जाने के दौरान हुआ हादसा. हाइवा चालक फरार. पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट.
Nalanda NH 20 Road Accident(अमर वर्मा): नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र से रविवार की शाम एक बेहद दर्दनाक और रूह कँपा देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है. पावापुरी ओपी के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 20 (NH-20) पर अभिलाषा होटल के समीप एक तेज रफ्तार कार और हाइवा के बीच भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार और विनाशकारी थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कार सवार युवक की गाड़ी के अंदर ही तड़प-तड़प कर मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर किलोमीटर लंबा महा-जाम लग गया और वाहनों की कतारें खड़ी हो गईं.
हाइवा को ओवरटेक करने की कोशिश बनी जानलेवा, परिवारों में मचा महा-कोहराम
मृतक की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के गोटीया गांव निवासी शिवशंकर मिस्त्री के 35 वर्षीय पुत्र गणेश मिस्त्री के रूप में की गई है. परिजनों ने बताया कि गणेश रविवार की शाम अपनी कार से नवादा जिले के पचरूखी गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहा था. कार और हाइवा दोनों गाड़ियां बिहारशरीफ की तरफ से ही आगे की ओर बढ़ रही थीं. जैसे ही वे अभिलाषा होटल के पास पहुंचे, गणेश ने आगे चल रहे तेज रफ्तार हाइवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार साइड भिड़ंत हो गई और कार हाइवा के नीचे घुसते-घुसते बची.

लाश निकालने के लिए बुलानी पड़ी JCB मशीन, क्रेन से हटाया गया मलबा
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गणेश का शरीर क्षतिग्रस्त कार के लोहे के मलबे के बीच बुरी तरह फंस चुका था. सूचना मिलते ही पावापुरी ओपी प्रभारी गौरव सिंह और गिरियक थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची. कार की स्थिति इतनी बदतर थी कि पुलिस सामान्य औजारों से शव नहीं निकाल सकी, जिसके बाद तुरंत मौके पर जेसीबी (JCB) मशीन बुलाई गई. जेसीबी की मदद से कार के लोहे के परखच्चों को कतरकर और तोड़कर काफी मशक्कत के बाद गणेश के शव को बाहर निकाला गया.
पावापुरी ओपी प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हाईवे के किनारे करवाया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल कराया. हाइवा चालक मौका पाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है. जैसे ही इस खौफनाक मौत की खबर गणेश के पैतृक गांव गोटीया और उसके ससुराल पचरूखी पहुंची, दोनों घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ये भी पढ़ें: रोहतास में NHAI और प्रशासन के दावों की खुली पोल: हल्की बारिश में ही जलजमाव; एक साल बाद भी अधूरा है नाला!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










