एसयू कॉलेज हिलसा में पीजी की मांग पर 11 दिन बाद खत्म हुआ धरना, MLC नीरज कुमार के आश्वासन पर माने छात्र

आंदोलनरत छात्रों के साथ एमएलसी नीरज कुमार | Prabhat Khabar Network
एसयू कॉलेज, हिलसा में सभी विषयों में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर छात्र जदयू का अनिश्चितकालीन धरना 11वें दिन समाप्त हो गया. एमएलसी नीरज कुमार के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की. शेष विषयों में पीजी की स्वीकृति को लेकर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है.
एस.यू. कॉलेज, हिलसा में सभी विषयों में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर छात्र जदयू का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन रविवार को 11वें दिन समाप्त हो गया. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी एवं जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की.
एमएलसी नीरज कुमार का धरना स्थल पर पहुंचना और बातचीत
रविवार को नीरज कुमार एस.यू. कॉलेज के मुख्य द्वार स्थित धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की. छात्र नेताओं ने उन्हें बताया कि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय द्वारा हिंदी, मनोविज्ञान और रसायन शास्त्र विषयों में पीजी की पढ़ाई की स्वीकृति दी जा चुकी है, जबकि अन्य विषयों की स्वीकृति अभी शेष है.
इस दौरान नीरज कुमार ने दूरभाष पर पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत की और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शेष विषयों में भी पीजी की पढ़ाई जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी.
कुलपति से मुलाकात का आश्वासन और जूस पिलाकर धरना समाप्ति
उन्होंने कहा कि सोमवार को हिलसा का एक प्रतिनिधिमंडल उनके साथ कुलपति से मुलाकात करेगा और अन्य विषयों की स्वीकृति को लेकर सकारात्मक निर्णय कराया जाएगा. इसके बाद एमएलसी ने आंदोलनरत छात्रों को जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया.
छात्र नेताओं की चेतावनी और कार्यक्रम में उपस्थिति
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय पूर्वी भाग के अध्यक्ष आशीष पटेल ने बताया कि छात्र जदयू का धरना-प्रदर्शन 11वें दिन एमएलसी नीरज कुमार के सकारात्मक आश्वासन के बाद समाप्त किया गया है. उन्होंने कहा कि यदि शेष विषयों में पीजी की स्वीकृति शीघ्र नहीं मिलती है, तो छात्र जदयू आगे भी छात्रों के हित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा.
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व आशीष पटेल ने किया तथा संचालन प्रसेनजीत कुमार उर्फ रिशु ने किया. इस मौके पर छात्र जदयू के प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










