नालंदा में बिजली चोरी पर कार्रवाई, 8 उपभोक्ता पकड़े गए; 2.55 लाख रुपये का जुर्माना

बिजली विभाग द्वारा जप्त की गई सामान | Prabhat Khabar Network
नालंदा में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है. बिंद थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी कर 8 लोगों को अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया है. इन पर कुल 2 लाख 55 हजार 187 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
Nalanda News : बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिंद थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विद्युत विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी के दौरान आठ उपभोक्ताओं को अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया. विभाग ने सभी आरोपितों के खिलाफ बिंद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कुल 2 लाख 55 हजार 187 रुपये का जुर्माना लगाया है.
कनीय अभियंता के नेतृत्व में हुई छापेमारी
विद्युत विभाग की टीम ने कनीय विद्युत अभियंता कुमारी श्वेता सिन्हा के नेतृत्व में अलग-अलग गांवों में जांच अभियान चलाया. इस दौरान कई उपभोक्ता मीटर से पहले अवैध तार जोड़कर, टोका लगाकर और मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पाए गए.
नीरपुर गांव में तीन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई
नीरपुर गांव निवासी मुकेश सिंह को मीटर से पहले अवैध तार जोड़कर बिजली उपयोग करते पकड़ा गया, जिस पर 27,670 रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं दिनेश कुमार के यहां टोका लगाकर और मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करने के मामले में 8,825 रुपये का जुर्माना किया गया. इसी गांव के नारायण सिंह पर अवैध तार जोड़कर बिजली चोरी करने के आरोप में 8,164 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
अन्य गांवों में भी पकड़े गए बिजली चोर
रामपुर गांव निवासी भगीरथ मिस्त्री को अवैध तरीके से बिजली उपयोग करते पकड़े जाने पर 10,542 रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं रसलपुर गांव के कुबेर प्रसाद पर टोका लगाकर बिजली चोरी करने के मामले में 29,109 रुपये का जुर्माना किया गया.
महदीपुर गांव स्थित सिसमेटिक एंड एडवांस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड प्रतिष्ठान में भी बिजली चोरी पकड़ी गई. यहां निम्न विभव तार में टोका लगाकर बिजली उपयोग किया जा रहा था, जिस पर 61,874 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
ई-रिक्शा चार्ज करने में भी बिजली चोरी पकड़ी गई
लोदीपुर गांव निवासी महेश पासवान को बिना अनुमति बिजली पोल के तार में टोका लगाकर बिजली उपयोग करते पकड़ा गया, जिन पर 76,615 रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं वीरेंद्र चौहान को सीधे तार में टोका लगाकर ई-रिक्शा चार्ज करते पकड़ा गया, जिस पर 32,388 रुपये का जुर्माना किया गया.
बिजली चोरी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
कनीय विद्युत अभियंता कुमारी श्वेता सिन्हा ने बताया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें और समय पर बिजली बिल का भुगतान करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










