नालंदा : एक महीने से बंद नल-जल योजना, खड्डी गांव के सैकड़ों परिवार पेयजल संकट से परेशान

पानी की समस्या | Prabhat Khabar Network
नालंदा के खड्डी गांव में एक महीने से नल-जल योजना ठप है, जिससे सैकड़ों परिवार गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं. मोटर खराब होने के कारण आपूर्ति बंद है और ग्रामीणों के अनुसार, शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से उनमें रोष है.
नालंदा के हिलसा प्रखंड की अषाढ़ी पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित खड्डी गांव में पिछले एक महीने से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है. नल-जल योजना की मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे गांव के सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं.
ग्रामीणों के अनुसार, छह महीने पहले ही बोरिंग कराकर मोटर डाली गई थी. यह मोटर एक महीने पहले अचानक खराब हो गई, जिसके बाद से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है. जलापूर्ति बाधित होने से लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर भटकना पड़ रहा है और उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, ग्रामीणों में रोष
बुधवार को खड्डी गांव के राहुल पासवान, गौतम कुमार, शिव पासवान, शशि कुमार, जलेन्द्र जमादार, बालवील जमादार, विकास कुमार, सूरज राम, सोनू राम, सिक्कू राम और डील्लू बिंद सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मोटर खराब होने से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है.
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और पीएचईडी (PHED) विभाग के कनीय अभियंता को कई बार इसकी सूचना दी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया. ग्रामीणों ने विभागीय उदासीनता पर रोष व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द मोटर की मरम्मत या नया मोटर लगवाकर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है.
बिजली कनेक्शन और मोटर खराब होने पर आमने-सामने विभाग व ग्रामीण
इस संबंध में पीएचईडी कार्यालय के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि बोरिंग के बाद मोटर डाल दी गई है, लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं मिलने और बिजली पोल बोरिंग तक न पहुंचने के कारण जलापूर्ति बाधित है. उन्होंने बताया कि बिजली विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है और जल्द ही समस्या का समाधान कर योजना को सुचारु कर दिया जाएगा.
वहीं, अधिकारियों के दावे पर ग्रामीणों का कहना है कि पानी की किल्लत के कारण नल-जल की बोरिंग होने के बाद सभी ग्रामीणों ने मिलकर चंदा कर बांस के सहारे बिजली का तार मोटर तक पहुंचाया था और उसे चालू किया था. ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि एक महीने से मोटर जलने/खराब होने के कारण ही पानी बंद है, न कि बिजली कनेक्शन की वजह से.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
Also Read : गया जी : तीन दिन की बारिश से टूटी सड़क बनी परेशानी, शिकायत के बाद प्रशासन ने कराया दुरुस्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










