शेखपुरा में मानव व्यापार और बाल श्रम के खिलाफ जागरूक हुए स्कूली बच्चे

Author Niranjan Kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
बच्चों को जागरूक करते  | Prabhat Khabar Network

बच्चों को जागरूक करते | Prabhat Khabar Network

जिला स्तरीय मानव व्यापार निरोधक इकाई ने शेखपुरा के दो विद्यालयों में स्कूली बच्चों को मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया. बच्चों को गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध से बचाव के तरीके भी बताए गए.

विज्ञापन

Sheikhpura News : जिला स्तरीय मानव व्यापार निरोधक इकाई की ओर से स्कूली बच्चों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के तहत बच्चों को मानव व्यापार, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी समेत कई गंभीर सामाजिक मुद्दों और उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई.

दो विद्यालयों में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

पुलिस टीम ने सदर प्रखंड के जनता उच्च विद्यालय सिरारी और माध्यमिक उच्चतर विद्यालय रामरायपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. इस दौरान बच्चों के बीच मानव व्यापार, बाल श्रम और अन्य अपराधों से संबंधित पोस्टर एवं पंपलेट भी वितरित किए गए.

बच्चों को बताए गए सुरक्षा के उपाय

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को साइबर अपराध से बचाव, विद्यालय आने-जाने के दौरान बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ और बदसलूकी से बचने के उपाय बताए गए. पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत परिवार, शिक्षक या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी.

डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम

साइबर थानाध्यक्ष डीएसपी ज्योति कुमार के नेतृत्व में जिला स्तरीय मानव व्यापार निरोधक इकाई की टीम विद्यालय पहुंची. टीम में दरोगा पीयूष कुमार, पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार, महिला थानाध्यक्ष रिशु कुमारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. अधिकारियों ने बच्चों को जागरूक करने के साथ सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की शपथ भी दिलाई.

बाल विवाह और नशे से दूर रहने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपने पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की. बच्चों को बाल विवाह, नशा सेवन और अन्य गलत गतिविधियों से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने को कहा गया.

गुड टच-बैड टच की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से बताया गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में डरने के बजाय इसकी जानकारी तुरंत भरोसेमंद व्यक्ति या पुलिस को दें.

संकट में इन नंबरों पर मिलेगी मदद

पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को आपात स्थिति में सहायता के लिए अपने मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए. साथ ही टोल फ्री नंबर 181, 112, 1098 और साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई. अधिकारियों ने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और बच्चों के साथ मित्रवत पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जा रही है.


विज्ञापन
Niranjan Kumar

लेखक के बारे में

By Niranjan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन