हिलसा में मनाई गई कामरेड चारु मजूमदार की 54वीं शहादत बरसी, आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभाएं

विभिन्न गांवों में श्रद्धांजलि सभा आयोजित | Prabhat Khabar Network
कामरेड चारु मजूमदार की 54वीं शहादत बरसी के अवसर पर हिलसा में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं. इस अवसर पर पार्टी के प्रखंड सचिव अरुण यादव ने गरीब, मजदूर, किसान, छात्र और नौजवानों के अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया. बढ़ते फासीवादी हमलों के खिलाफ प्रतिरोध को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया.
पार्टी की केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर पार्टी के संस्थापक एवं प्रथम महासचिव कामरेड चारु मजूमदार की 54वीं शहादत बरसी के अवसर पर शुक्रवार को हिलसा नगर परिषद क्षेत्र के साथ योगीपुर पंचायत के गन्नीपुर, पूना पंचायत के भदौल तथा मिर्जापुर पंचायत के लूचन टोला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंकलाबी नौजवान सभा के प्रखंड अध्यक्ष संजय पासवान ने की, जबकि संचालन किसान महासभा के प्रखंड सचिव दिनेश कुमार यादव ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत चारु मजूमदार के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्रांतिकारी नारे लगाए. इसके बाद पार्टी की केंद्रीय कमेटी के संकल्प-पत्र का वाचन किया गया.
प्रखंड सचिव अरुण यादव का संबोधन
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रखंड सचिव अरुण यादव ने कहा कि वर्तमान समय में गरीब, मजदूर, किसान, छात्र और नौजवानों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं.
ऐसे समय में पार्टी के जनाधार का विस्तार करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा जनप्रतिरोध को तेज करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि बढ़ते फासीवादी हमलों, पुलिस दमन और बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करना ही शहीद साथियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
उपस्थित प्रमुख कार्यकर्ता और गणमान्य
इस अवसर पर पार्टी प्रखंड कमेटी सदस्य राजबली शर्मा, शिवशंकर, डॉ. सुरेंद्र राव, जोगेंद्र पासवान, शाखा सचिव अशोक रविदास, कैलेंद्र रविदास, मुकेश राम, वीरेंद्र रविदास, श्याम किशोर रविदास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










