ePaper

Bihar Weather: बिहार में ठंड अब और बढ़ेगी, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का इस दिन से दिखेगा अधिक असर..

Updated at : 20 Dec 2023 8:05 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Weather: बिहार में ठंड अब और बढ़ेगी, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का इस दिन से दिखेगा अधिक असर..

Bihar Weather Report: बिहार में ठंड अब बढ़ने लगी है. कई जिलों का तापमान गिर गया है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का धीरे-धीर असर बिहार पर भी पड़ना शुरू हो गया है. वहीं मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में अगले 7 दिनों तक मौसम का मिजाज कैसा रहेगा..

विज्ञापन

Bihar Weather Report: बिहार में ठंड अब बढ़ने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, अब एक से दो दिनों के अंदर प्रदेश का तापमान और लुढ़क सकता है. ठंड बढ़ने के आसार हैं. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का धीरे-धीर असर बिहार पर भी पड़ना शुरू हो गया है. न्यूनतम तापमान अब कम हो रहा है. कई जिलों का पारा लुढ़क कर 10 डिग्री से भी नीचे हो गया है. मौसम वैज्ञानी बताते हैं कि 22 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. जिसका असर बिहार के मौसम पर भी दिखने की पूरी संभावना है.

भागलपुर का मौसम कैसा रहेगा?

भागलपुर जिले में मंगलवार को शाम व सुबह हल्की धुंध व ठंड का अहसास हुआ. वहीं धूप खिलने से 10 बजे तक ठंड से राहत मिल रही है. बीएयू सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के अनुसार क्रिसमस तक धूप खिली रहेगी. इसके बाद ठंड और बढ़ेगी. मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा. पछिया हवा चलती रही. 20 दिसंबर से भागलपुर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और कमी आयेगी. 20 से 24 दिसंबर के बीच दिन में धूप निकलेगी. सुबह में हल्का कोहरा रह सकता है, आसमान साफ रहेगा. इस दौरान पश्चिमी हवा चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे गेहूं व मक्का में आवश्यकता अनुसार सिंचाई करें. गेहूं की बुआई शीघ्र समाप्त करें. तापमान में कमी आने पर बीज के अंकुरण में समस्या आ सकती है. सब्जियों में भी सिंचाई करें. इधर, जिले में वायु प्रदूषण की स्थिति काफी खराब रही. हवा में सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ने से शहर का अधिकतम एयर क्वालिटी इंडेक्स 410 रिकॉर्ड किया गया.

Also Read: Bihar Weather: बिहार में 22 दिसंबर से बढ़ेगी ठंड, 21 जिलाें में लुढ़का पारा, मौसम विभाग से आयी बड़ी जानकारी..
पूर्णिया में पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

सीमांचल क्षेत्र में भी ठंड अपना असर दिखा रहा है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का धीरे-धीर असर पड़ना शुरू हो गया है. इससे पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. हालांकि अधिकतम तापमान में कोई कमी नहीं आयी है. अधिकतम तापमान 27 और 23 डिग्री के बीच है. मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस था. न्यूनतम पारा गिरने के साथ ही ठंड बढ़ गयी है. सुबह के समय कोहरा छाया रहता है. मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि अगले दो तीन दिन में न्यूनतम तापमान 10 से 7 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान गिरने से रात में सर्दी ओर बढ़ेगी. वहीं पछुआ हवा चलने से मंगलवार को ठिठुरन बढ़ गयी. सुबह कोहरा छाने के बाद धूप निकली, लेकिन करीब 7 से 10 किलो मीटर की रफ्तार से पछुआ हवा चलने से कनकनी बढ़ गयी है. इधर जैसे-जैसे दिसंबर माह बीत रहा है, वैसे-वैसे सर्दी भी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है. यदि ऐसा ही हाल रहा तो अगले दो दिन बाद शीतलहर की चपेट में आ जायेगा.

आज से तीन दिनों तक बिगड़ेगा गोपालगंज व आसपास के मौसम का मिजाज

गोपालगंज में भी हिमालय पर हो रही बर्फबारी का असर साफ दिखने लगा है. मंगलवार को दिन में सर्द हवा के चलने का दौर जारी रहा. दिन में निकली धूप बेअसर साबित हो रही थी. शाम होते ही सर्द हवाएं तेज हो गयीं. मौसम विज्ञानी डॉ एसएन पांडेय ने कहा कि ठंड अगले दो-तीन दिनों में और बढ़ेगी. 22 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान के आसपास रहा. वहीं अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज किया गया. विभाग की मानें, तो बुधवार से शुक्रवार तक आसमान में बादलों व धुंध के छाये रहने की संभावना बन रही है.

उत्तर बिहार में अगले पांच दिनों तक और सर्द होगी रात

मुजफ्फरपुर में अगले पांच दिनों तक आकाश में हल्के बादल छाये रहने के साथ मौसम शुष्क रहेगा. सुबह व शाम के साथ रात ज्यादा सर्द होगी. दिन के समय मौसम सामान्य रहने की संभावना जतायी गयी है. मौसम विभाग की ओर से अगले 24 दिसंबर तक का पूर्वानुमान जारी किया गया है. इस अवधि में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दौरान औसतन 3 से 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी. मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है. आने वाले दिनों में शाम के बाद पारा में गिरावट होगी, जिससे कनकनी के साथ सिहरन की स्थिति बनेगी.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन