अगले 48 घंटे में पलटेगा बिहार का मौसम, मार्च से पहले ही 35 डिग्री पहुंचा पारा

Bihar Weather Alert
Bihar Weather Alert: बिहार में ठंड लगभग विदाई के कगार पर है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. IMDके अनुसार अगले 24–48 घंटे में हवा की दिशा बदलने और तेज धूप के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में उछाल देखने को मिलेगा. फरवरी के आखिरी दिनों में ही गर्मी के संकेत मिलने लगे हैं और मार्च की शुरुआत के साथ मौसम पूरी तरह बदल सकता है.
Bihar Weather Alert: बिहार के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के पूरी तरह निष्क्रिय होने के कारण अब राज्य में किसी भी तरह के चक्रवाती सिस्टम की गुंजाइश नहीं बची है. इसका सीधा नतीजा यह है कि हवाओं की दिशा बदल रही है और धूप की तीव्रता में बेतहाशा बढ़ोतरी होने वाली है. अगले एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिसका मतलब है कि आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और सूरज की सीधी किरणें धरती को तपाएंगी.
पटना से लेकर पूर्णिया तक, अब दिन में हल्की नहीं बल्कि ‘कड़क’ गर्मी का अहसास होगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च की शुरुआत होते-होते बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के पार जा सकता है।
कई जिलों में 30 डिग्री पार
गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. कैमूर में सबसे अधिक 31.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि औरंगाबाद, डेहरी, बांका, बक्सर, भागलपुर और शेखपुरा जैसे जिलों में भी गर्मी का असर साफ दिखा. राजधानी पटना में अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री रहा, लेकिन दोपहर की तेज धूप ने गर्मी का अहसास बढ़ा दिया.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुष्क हवा और साफ आसमान तापमान बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. यही वजह है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी की शुरुआत जैसी स्थिति बन गई है.
रातें भी अब ठंडी नहीं — न्यूनतम तापमान ऊपर
हालांकि कुछ जिलों में रातें अभी हल्की ठंडी बनी हुई हैं. सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री जीरादेई (सीवान) में दर्ज किया गया. गया, शेखपुरा और बक्सर जैसे इलाकों में भी तापमान 14–15 डिग्री के बीच रहा. वहीं पटना और मुजफ्फरपुर में न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से अधिक है.
इन आंकड़ों से साफ है कि उत्तर-पूर्व और मध्य बिहार के हिस्सों में ठंड का असर तेजी से घट रहा है और मौसम गर्मी की ओर बढ़ रहा है.
पश्चिमी विक्षोभ निष्क्रिय, सूखा मौसम करेगा गर्मी तेज
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ या प्रभावी चक्रवाती सिस्टम नहीं है. ऐसे में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना बेहद कम है. साफ आसमान और शुष्क हवाओं के कारण दोपहर में तपिश बढ़ेगी, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड रह सकती है.
विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो मार्च की शुरुआत तक राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 33–35 डिग्री तक पहुंच सकता है.
मौसम के इस समय में बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है. डॉक्टरों की सलाह है कि लोग कपड़ों और खान-पान में लापरवाही न करें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




