ePaper

गांधी मैदान में प्रैक्टिस पर रोक: अभ्यास के लिए जगह नहीं, जाएं तो जाएं कहां अभ्यर्थी?

Updated at : 09 Dec 2025 11:00 AM (IST)
विज्ञापन
गांधी मैदान में प्रैक्टिस पर रोक: अभ्यास के लिए जगह नहीं, जाएं तो जाएं कहां अभ्यर्थी?

Bihar News: बिहार पुलिस के लिए लिखित परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए तैयारी करने में परेशानी हो रही है. अभ्यर्थियों को गांधी मैदान में प्रैक्टिस करने पर रोक लगा दी गयी है. उन्हें नयी जगह ढूंढने के निर्देश दिए गये हैं.

विज्ञापन


Bihar News: केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा बिहार पुलिस में ‘सिपाही’ के लगभग 19.8 हजार पदों पर बहाली निकाली गयी है. इसके लिए लिखित परीक्षा पास कर चुके करीब 98 हजार अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीइटी) 15 दिसंबर से शुरू हो रही है. फिजिकल टेस्ट नजदीक आने के साथ ही पटना में अभ्यास कर रहे अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. गांधी मैदान में प्रतिदिन लगभग 10 हजार अभ्यर्थी दौड़ और अन्य अभ्यास करने पहुंचते हैं. लेकिन, जिला प्रशासन की ओर से उन्हें मैदान में प्रैक्टिस करने से रोका जा रहा है. अभ्यर्थियों को मैदान खाली करने का निर्देश दिया गया है और दौड़ने वाला ट्रैक भी बंद कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें: नल टूटे, पाइप फटे.. और पटना का पानी सड़कों पर! आखिर कब रुकेगी बर्बादी?

गंगा किनारे प्रैक्टिस करना महिला अभ्यर्थियों के लिए सेफ नहीं

अभ्यर्थियों ने बताया कि पटना शहर में अभ्यास के लिए कोई सुरक्षित और खुला स्थान नहीं मिल पा रहा है. कई महिला उम्मीदवारों ने कहा कि वे गंगा किनारे अभ्यास करने पहुंचीं, लेकिन शाम जल्दी होने और सुरक्षा की चिंता के कारण वहां प्रैक्टिस करना जोखिम भरा है. फिजिकल टेस्ट की तैयारी के लिए रोजाना तीन से चार घंटे की प्रैक्टिस जरूरी है, लेकिन जगह की कमी से उनकी तैयारी बाधित हो रही है.

ये भी पढ़ें: कांग्रेस मैदान में एंट्री बंद: जल्द मिलेगा नया रूप.. ओपन जिम, पाथवे और फव्वारे की तैयारी शुरू

ट्रैक बंद होने से दौड़ का प्रैक्टिस करना हुआ मुश्किल

वहीं, निजी ट्रेनर भी ट्रैक के बंद होने से परेशान हैं. एक ट्रेनर ने अपनी पहचान छिपाते हुए बताया कि वे अभ्यर्थियों को 400, 500 और 900 मीटर के ट्रैक बनाकर अभ्यास कराते थे, लेकिन अब दूरी तय कराना मुश्किल हो गया है. दूरी तय कर समय के अनुसार अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए तैयार किया जाता है. दूसरी ओर पटना पुस्तक मेला गांधी मैदान में सजा है और 12 दिसंबर से सरस मेला लगने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में पूरे परिसर में मंच और पंडाल तैयार किये जा रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों के अभ्यास पर असर पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें: किस्सागोई से लेकर स्वास्थ्य संवाद बना खास, पर 15 करोड़ की किताब ने चुरा ली मेले की लाइमलाइट?

राजधानी के सरकारी कॉलेज ग्राउंड पर कब्जा

अभ्यर्थी बताते हैं कि शहर के अन्य ग्राउंड भी अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध नहीं हैं. मिंटो और जैक्शन छात्रावास के छात्र पटना कॉलेज के मैदान पर कब्जा किए हुए हैं. वहीं, बीएन कॉलेज, साइंस कॉलेज सहित अन्य की भी यही स्थिति है. पटना एयरपोर्ट इलाके में वेटनरी कॉलेज के ग्राउंड अक्सर आयोजनों से व्यस्त रहते हैं.मोइनउल हक स्टेडियम में निर्माण कार्य चल रहा है. ऐसे में प्रशासन ने सिर्फ जगह खाली करने का आदेश दिया है, विकल्प उपलब्ध नहीं कराया है. उनका कहना है कि लिखित परीक्षा पास करने के बाद अब अभ्यास में बाधा आ रही है, जिससे फिजिकल टेस्ट में छंटने का खतरा बढ़ गया है.

ये भी पढ़ें: सैदपुर नाला प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी: अब घर नहीं टूटेंगे, नया रास्ता खोल देगा निर्माण का जाम

शारीरिक परीक्षा की तैयारी को लेकर जगह शिफ्ट होंगे: डीएम

डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा कि शारीरिक परीक्षा की तैयारी को लेकर जगह की तलाश हो रही है. जेपी गंगा पथ के किनारे दीघा से कलेक्ट्रेट घाट के बीच जगह चिह्नित होगा. इसे लेकर गांधी मैदान में शारीरिक परीक्षा की तैयार करा रहे संचालकों से भी बात हो रही है, ताकि शारीरिक प्रशिक्षण की तैयारी करनेवाले छात्रों को सुविधा मिले. उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में काफी भीड़ हो रही है. धूल उड़ने से प्रदूषण भी काफी है. गांधी मैदान में लगनेवाले सरस मेला की तैयारी हो रही है.

ये भी पढ़ें: नारियल वेस्ट से रोजाना इतने टन होता है कचरा उत्पादन, अब कोकोपीट व फाइबर में बदलेगी निगम

अभ्यर्थियों ने रखी अपनी बात

1. मैदान में मेला सज गया है. ट्रैक बंद हो गये हैं. इसके कारण प्रैक्टिस नहीं हो पा रही है. मैं तीन साल से पटना में रहकर तैयारी कर रहा हूं और एएन कॉलेज के पास किराये पर रहता हूं. 29 जनवरी को मेरा फिजिकल टेस्ट है लेकिन जगह नहीं मिलने से तैयारी प्रभावित हो रही है.
– अमित, मोकामा

2. लिखित परीक्षा पास कर ली है, लेकिन अब फिजिकल टेस्ट को लेकर सस्पेंस जैसा माहौल है. पिछले दो माह से प्रैक्टिस कर रहा हूं, पर मैदान बंद होने से दौड़ की तैयारी नहीं हो पा रही है. प्रशासन को कोई विकल्प देना चाहिए. तैयारी के लिए मोकामा से पटना आया हूं.
– सुशांत, बोरिंग रोड

3. मच्छुआटोली में किराए के मकान में रहती हूं. दो महीने से तैयारी कर रही हूं. दारोगा की वैकेंसी नहीं आने पर सिपाही भर्ती में आवेदन किया. दो जनवरी को फिजिकल है, लेकिन सुरक्षित अभ्यास स्थल नहीं मिल रहा. गंगा किनारे प्रैक्टिस की कोशिश की, लेकिन लड़कियों के लिए वहां माहौल सुरक्षित नहीं है.
– सिमरन, वैशाली

4. परिवार की जिम्मेदारी निभाते हुए तैयारी कर रही हूं. दो महीने से अभ्यास कर रही हूं, लेकिन गांधी मैदान में मेला और प्रशासनिक पाबंदियों के कारण प्रैक्टिस बाधित है.पीइटी नजदीक है पर दौड़ के लिए सही जगह नहीं मिल रही, जिससे चिंता बढ़ गयी है.
– मुस्कान, बोरिंग रोड

विज्ञापन
हिमांशु देव

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन