ePaper

Bihar News: बिहार की सड़कों पर बदलेगा सफर का अनुभव, 194 नई बसें आएंगी, पिंक और डीलक्स बसों का विस्तार

Updated at : 01 Jan 2026 1:57 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar Bus 01-01-2026

Bihar Bus

Bihar News: ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर बस सेवाओं तक, बिहार में परिवहन व्यवस्था तेजी से नए दौर में प्रवेश कर रही है. यात्रियों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार ने एक साथ कई बड़े फैसले लिए हैं.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार में सार्वजनिक परिवहन और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने रफ्तार बढ़ा दी है. एक ओर जहां रोज़ाना हजारों लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण की सुविधा मिल रही है.

वहीं दूसरी ओर बस सेवाओं के विस्तार और सड़क सुरक्षा जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है. परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन योजनाओं की जानकारी दी.

पिंक बसों का विस्तार और नया सफर

परिवहन विभाग ने महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पिंक बसों का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है. बिहारशरीफ के लिए शुरू होने वाली दो नई पिंक बसें महिलाओं के लिए सफर को और अधिक सुरक्षित बनाएंगी. इसके अलावा, राजगीर और ककोलत जैसे पर्यटन स्थलों की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने विशेष डीलक्स बसों को रूट पर उतारने का निर्णय लिया है.

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए राज्य के 6 प्रमंडलों में आधुनिक बस डिपो का निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है, जिससे बसों के रखरखाव और परिचालन में सुधार होगा.

मिशन मोड में होगी स्कूल बसों की जांच

नए साल के पहले पखवाड़े में सरकार का सबसे बड़ा फोकस बच्चों की सुरक्षा पर होगा. 1 से 15 जनवरी तक पूरे राज्य में ‘मिशन मोड’ में निजी स्कूलों की बसों और उनके ड्राइवरों की सघन जांच की जाएगी. इस दौरान ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) की वैधता और बसों के सड़क सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल होगी.

इसके साथ ही, 1 से 31 जनवरी तक पूरे प्रदेश में ‘सड़क सुरक्षा माह’ मनाया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यालयी छात्रों और आम जनता को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना है. नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल संचालकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

डिजिटल होते बिहार में रफ्तार पकड़ती सेवाएं

बिहार में परिवहन सेवाओं का डिजिटलीकरण भी तेजी से हो रहा है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब हर रोज औसतन 1841 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं और 3731 नए वाहनों का निबंधन (रजिस्ट्रेशन) हो रहा है.

परिवहन मंत्री ने पटना और नवादा के कई आवेदकों को स्वयं डीएल और आरसी (RC) के प्रमाणपत्र वितरित किए. अब आवेदकों को दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि ये कार्ड सीधे स्पीड पोस्ट के माध्यम से उनके घर भेजे जा रहे हैं. विभाग अब कार्ड जारी करने वाली एजेंसी की कार्यक्षमता की भी समीक्षा कर रहा है ताकि लोगों को समय पर सेवाएं मिल सकें.

Also Read: Bihar News: अब बिहार में सजेगा बॉलीवुड का मंच! निर्माताओं की पसंद पर बनेगी हाईटेक फिल्म सिटी

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन