बिहार सरकार के कर्मियों को छठ से पहले मिलेगा वेतन, जानें कब रिलीज हो रही नवंबर की सैलरी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 09 Nov 2023 5:08 PM
इस फैसले के तहत सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को इस माह यानी की नवंबर का वेतन 16 नवंबर से देने का फैसला लिया गया है. इसका सीधा लाभ राज्य में सभी वर्ग के सरकारी कर्मियों को मिलेगा जिनकी संख्या करीब साढ़े नौ लाख है.
पटना. बिहार में राज्यकर्मियों को छठ महापर्व से पूर्व ही वेतन मिलेगा. लोक आस्था के महान पर्व छठ को देखते हुए बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. बिहार सरकार के कर्मचारियों को इस माह छठ पर्व से पहले वेतन मिल जाएगा. नीतीश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को छठ गिफ्ट दिया है. बिहार के सीएम नीतीश कुमार के निर्देश पर वित्त विभाग ने यह फैसला लिया है. सरकार द्वारा अमूमन महीने के अंतिम वर्किंग डे पर वेतन का भुगतान होता है. वहीं, पिछले साल भी सरकार ने कर्मचारियो को जल्दी वेतन दिया था. इस फैसले के तहत सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को इस माह यानी की नवंबर का वेतन 16 नवंबर से देने का फैसला लिया गया है. इसका सीधा लाभ राज्य में सभी वर्ग के सरकारी कर्मियों को मिलेगा जिनकी संख्या करीब साढ़े नौ लाख है.
16 नवंबर से वेतन भेजना शुरू
वित्त विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने इस आदेश को लेकर पत्र जारी कर दिया है. इस आदेश के तहत राज्य के सरकारी कर्मचारियों को नवंबर महीने के वेतन के लिए महीने के अंत यानी 30 तारीख का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. महापर्व छठ को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इस बार अपने कर्मचारियों को 14 दिन पहले ही वेतन देने की घोषणा कर दी है. विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत नवंबर महीने के वेतन का भुगतान 16 नवंबर, 2023 से ही शुरू करने का निर्णय लिया है.
वेतन 14 दिन पहले ही देने की घोषणा
नीतीश सरकार की ओर से छठ महापर्व को देखते हुए राज्य कर्मियों को पहले वेतन दिया जाएगा. नवंबर महीने का वेतन 14 दिन पहले ही देने की घोषणा की गई है. वित्त विभाग ने 16 नवंबर से ही वेतन देना शुरू करने का निर्णय लिया है. वित्त विभाग की ओर से इस संबंध में राज्यपाल के प्रधान सचिव, विधान मंडल के सचिव, हाई कोर्ट के महानिबंधक, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव या प्रधान सचिव या सचिव , विभाग अध्यक्ष, प्रमंडलीय आयुक्त, जिला अधिकारी और कोषागार अधिकारियों को पत्र भेज कर निर्देश जारी कर दिया गया है.
दुर्गा पूजा में भी पहले दिया था वेतन
गौरतलब हो कि बिहार में छठ धूमधाम से मनाया जाता है. सरकारी कर्मियों को छठ में खर्च भी काफी होता है. इसी को देखते हुए सरकार ने नवंबर महीने का वेतन 14 दिन पहले देने का फैसला लिया है. बिहार सरकार की ओर से पहले भी पर्व त्यौहार को लेकर समय से पूर्व वेतन देने का फैसला लिया जाता रहा है. दुर्गा पूजा में भी अक्टूबर माह का वेतन 15 दिन पहले दे दिया गया था. उससे पहले ईद में भी पहले वेतन दिया गया था. बिहार सरकार के इस फैसले से 9 लाख से अधिक कर्मियों को लाभ होगा. छठ पर्व में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










