स्कूल में घुस मुखिया ने एचएम को पीटा, गिरफ्तार

Published at :23 May 2017 3:46 AM (IST)
विज्ञापन
स्कूल में घुस मुखिया ने एचएम को पीटा, गिरफ्तार

बिहिया : थाना क्षेत्र के घाघा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के हेडमास्टर को घाघा पंचायत के दबंग मुखिया द्वारा पिटायी करने के बाद अपनी स्काॅर्पियो गाड़ी में बैठा कर ले जाने के क्रम में बिहिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी का पीछा कर गाड़ी से हेडमास्टर को बरामद कर लिया. पुलिस ने […]

विज्ञापन

बिहिया : थाना क्षेत्र के घाघा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के हेडमास्टर को घाघा पंचायत के दबंग मुखिया द्वारा पिटायी करने के बाद अपनी स्काॅर्पियो गाड़ी में बैठा कर ले जाने के क्रम में बिहिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी का पीछा कर गाड़ी से हेडमास्टर को बरामद कर लिया.

पुलिस ने इस मामले में मुखिया कामता यादव व उनके चार समर्थकों को हिरासत में लिया है. जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत सोमवार की सुबह विद्यालय की शिक्षिका चुन्नी कुमारी चंचला व हेडमास्टर गुप्तेश्वर राम के बीच बकझक से शुरू हुई. बताया जाता है कि सोमवार की सुबह देर से पहुंची विद्यालय की शिक्षिका ने विद्यालय में पहुंच कर हेडमास्टर से उपस्थिति पंजी की मांग की परंतु हेडमास्टर ने शिक्षिका को उपस्थिति पंजी पर बाद में हस्ताक्षर बनाने को कहा.

इस दौरान शिक्षिका ने जब स्वयं ही उपस्थिति पंजी उठाने का प्रयास किया तो दोनों में बकझक शुरू हो गयी तथा देखते ही देखते एक दूसरे से उलझ गये. इस दौरान विद्यालय में झड़प की सूचना पाकर विद्यालय में पहुंचे स्थानीय मुखिया भी और हेडमास्टर में भी बकझक हो गयी. बताया जाता है कि इस क्रम में मुखिया द्वारा हेडमास्टर की पिटायी करते हुए स्काॅर्पियो गाड़ी में बैठा लिया

गया और आरा की तरफ ले जाया जा रहा था, परंतु हेडमास्टर के अपहरण करने के मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत गाड़ी का पीछा कर मुखिया समेत चार लोगों को हिरासत में लेते हुए हेडमास्टर को बरामद कर लिया. पुलिस ने जख्मी हेडमास्टर का बिहिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया. मामले की सूचना पाकर एएसपी सह जगदीशपुर एसडीपीओ दयाशंकर बिहिया थाना पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गये.

पूर्व के मामले को लेकर हुआ था तनाव : पंचायत के मुखिया और हेडमास्टर के बीच पूर्व से ही तनाव चला आ रहा था. हेडमास्टर के अनुसार मुखिया मध्याह्न भोजन में पैसा बांधने को लेकर कई तरह से प्रताड़ित कर रहे थे. इसके अलावा गत सप्ताह घाघा गांव के ही एक युवक द्वारा हेडमास्टर के साथ गाली-गलौज, दुर्व्यवहार व जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल करने को लेकर बिहिया थाना में एक मामला दर्ज कराया गया था जिसको लेकर मुखिया और हेडमास्टर में चल रहा तनाव और भी गहरा हो गया था.
हेडमास्टर के समर्थन में उतरे शिक्षक : एचएम गुप्तेश्वर राम की मुखिया द्वारा पिटायी किये जाने को लेकर आक्रोशित शिक्षक हेडमास्टर के समर्थन में उतर गये हैं. मामले को लेकर बिहिया में सोमवार को शिक्षक संघ व अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी संघ की बिहिया में आपात बैठक की गयी जिसमें मुखिया द्वारा हेडमास्टर को पीटे जाने की निन्दा की गयी.
शिक्षकों ने कहा कि हेडमास्टर को अगर न्याय नहीं मिला तो वे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जायेंगे.
हेडमास्टर की पिटाई का घटना की सूचना पाकर बिहिया पहुंचे एएसपी सह जगदीशपुर एसडीपीओ दयाशंकर ने बिहिया थाना में पहुंच कर मामले की छानबीन की. एएसपी ने कहा कि हेडमास्टर, मुखिया, शिक्षिका,
स्कूल की रसोइया समेत अन्य लोगों से पूछताछ करते हुए घटनास्थल का उनके द्वारा जायजा लिया गया है. कहा कि मुखिया द्वारा हेडमास्टर के साथ मारपीट करने व कानून को अपने हाथ में लेकर जबरन हेडमास्टर को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया. एएसपी ने कहा कि हेडमास्टर के साथ मारपीट व जबरन गाड़ी में ले जाने के मामले को लेकर मुखिया के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
मुखिया संघ ने दिया धरना
मुखिया के गिरफ्तारी की सूचना पाकर विभिन्न प्रखंडों के मुखिया बिहिया थाना में जमा होने लगे व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. मुखिया संघ द्वारा मुखिया कामता यादव पर लगाये गये आरोपों को गलत बताते हुए उन्हें छोड़ने की मांग करने लगे. इस दौरान मुखिया संघ ने पुलिस पर भेदभाव करने का भी आरोप लगाया. पुलिस द्वारा मुखिया को नहीं छोड़े जाने पर कई मुखिया समेत अन्य लोग थाना परिसर में ही धरना पर बैठ गये. समाचार लिखे जाने तक मुखिया संघ समेत अन्य लोग धरना पर जमे हुए थे. मुखिया संघ का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, थाने से नहीं हटेंगे.
थाने में दिये आवेदन
एचएम व शिक्षिका द्वारा बिहिया थाने में अलग-अलग आवेदन पुलिस को दिया गया है. पुलिस को दिये अपने आवेदन में शिक्षिका चुन्नी कुमारी चंचला ने कहा है कि प्रधानाध्यापक द्वारा उनके साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ किया गया है. शिक्षिका ने अपने आवेदन में मुखिया के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किये जाने का भी आरोप लगाया गया है, हालांकि एएसपी ने मुखिया के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किये जाने की बात से इनकार किया है. वहीं हेडमास्टर द्वारा भी मुखिया के विरुद्ध मारपीट करने व अपहरण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया गया है.
कई संघों ने जताया विरोध
कई संगठन एचएम के समर्थन में उतर गये हैं. शिक्षक समुदाय ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं, अनुसूचित जाति, जनजाति कर्मचारी संघ ने सर्वेश राम की अध्यक्षता में बैठक कर मुखिया कामता यादव द्वारा एचएम गुप्तेश्वर राम पर जानलेवा हमला करने को लेकर आक्रोश व्यक्त किया है तथा मुखिया व उनके सहयोगियों को गिरफ्तार करने व पीड़ित को सुरक्षा देने की मांग की है. संघ ने प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं करने की स्थिति में धरना व प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है. मौके पर चंद्रमा राम, विजय कुमार राम, शिव शंकर राम आदि उपस्थित थे.
क्या कहते हैं एएसपी सह जगदीशपुर एसडीपीओ
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन