गडहनी व चरपोखरी में चुनाव को ले तैयारी पूरी

Published at :01 May 2016 9:12 AM (IST)
विज्ञापन
गडहनी व चरपोखरी में चुनाव को ले तैयारी पूरी

डीएम ने मतदान केंद्र व उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कवच बना कर डटे रहने का दिया निर्देश आरा : जिला प्रशासन द्वारा दो मई को तृतीय चरण में गडहनी तथा चरपोखरी में होनेवाले पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. गडहनी […]

विज्ञापन
डीएम ने मतदान केंद्र व उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कवच बना कर डटे रहने का दिया निर्देश
आरा : जिला प्रशासन द्वारा दो मई को तृतीय चरण में गडहनी तथा चरपोखरी में होनेवाले पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
गडहनी तथा चरपोखरी प्रखंडों में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव एवं पुलिस अधीक्षक क्षत्रनील सिंह द्वारा चुनाव कार्य में प्रतिनियुक्त जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी, वरीय प्रभारी पदाधिकारी तथा क्यूआरटी टीम में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी को संयुक्त रूप से संबोधित किया. जिलाधिकारी डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि मतदान केंद्र तथा उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा कवच बना कर डटे रहे, ताकि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग निर्भीक होकर कर सके. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान होनेवाली घटनाएं शरारती एवं गुडा तत्वों द्वारा हताशा में की जा रही हैं, क्योंकि मतदान केंद्रों पर व्यवस्था कड़ी रहने के कारण उपद्रवियों को बूथ लूटने का अवसर नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने जोनल, सुपर जोनल तथा वरीय प्रभारी पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान हमेशा गतिशील रहते हुए मतदान केंद्र के आसपास की घटनाओं एवं सूचनाओं पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई करे. किसी घटना अथवा वारदात की सूचना मिलने पर क्यूआरटी तत्काल अपने दल-बल के साथ उक्त स्थल के लिए रवाना होंगे तथा वांछित कार्रवाई करेंगे. क्यूआरटी टीम में गडहनी प्रखंड के लिए डीटीओ आशुतोष कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान मो शाजिद को प्रतिनियुक्त किया गया है, वहीं चरपोखरी प्रखंड के लिए अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर बाल मुकुंद प्रसाद तथा सहायक पुलिस अधीक्षक दयाशंकर की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
नियंत्रण कक्ष को दें सूचना: डीएम ने कहा कि किसी प्रकार की घटना की सूचना जिला अनुमंडल एवं प्रखंडस्तरीय नियंत्रण कक्ष को आवश्य दें. जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06182-248701/248702, अनुमंडल स्तर पर स्थापित चरपोखरी प्रखंड के लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर 06182-223301 है. वहीं अनुमंडल स्तरीय गडहनी प्रखंड के लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर 06182-233325 है. प्रखंडस्तरीय नियंत्रण कक्ष गडहनी प्रखंड के लिए नंबर 06182-289020/9431818454 तथा चरपोखरी प्रखंड के लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर 94318818021 रहेगा़
शरारत करनेवालों पर होगी प्राथमिकी : जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान अभिकर्ता अपने साथ मोबाइल फोन नहीं ले जायेंगे. कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में नजर नहीं आने चाहिए. मतदान केंद्र के आसपास शरारत करनेवाले व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज की जाये.
मतदाता अपने पहचानपत्र के साथ मतदान करने केंद्र पर जाये. मतदान केंद्र के 100 मीटर के परिधि के अंदर कोई भी व्यक्ति मजमा नहीं लगायेंगे़ सभी मतदान केंद्र पर धारा 144 लागू है, जो व्यक्ति इसका उल्लंघन करेंगे उनपर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. अभ्यर्थी को दिये गये वाहन की अनुमति के अलावा कोई भी वाहन का परिचालन पर मतदान क्षेत्र के आसपास प्रतिबंध है.
कर्तव्यों के प्रति वफादार रहते हुए करें कार्य : एसपी:
आप पूरी ईमानदारी के साथ व अपने कर्तव्यों के प्रति वफादार रहते हुए अपना कार्य करें और अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के मनसूबों को सफल नहीं होने दें. उक्त बातें पुलिस अधीक्षक क्षत्रनील सिंह ने पुलिसकर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहीं. उन्होंने कहा कि जिले में असामाजिक व शरारती तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए 16333 व्यक्तियों पर विभिन्न धाराओं के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई की गयी है. लगभग 35 हजार लीटर शराब जब्त की गयी है. वाहन चेंकिग में 76900 जुर्माना वसूला गया है. 1708 शस्त्र अनुज्ञप्ति का सत्यापन किया गया.
गडहनी में 74671 मतदाता करेंगे मतदान : तृतीय चरण के होनेवाले चुनाव में गडहनी प्रखंड में वरीय प्रभारी पदाधिकारी नगर आयुक्त प्रमोद कुमार के नेतृत्व में तीन सुपर जोनल दंडाधिकारी, 9 जोनल दंडाधिकारी तथा 42 पीसीसीपी दंडाधिकारी चुनाव में प्रतिनियुक्त किये गये हैं.
142 मतदान केंद्रों तथा 80 भवन एवं 9 पंचायतों तथा 135 वार्डो में मतदान होना है. 41163 पुरुष, 33507 महिला तथा 1 अन्य मतदाता सहित कुल 74671 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे. पंचायत भवन गडहनी के मतदान केंद्र संख्या 70 पर लाइव वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गयी है. उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बगवा पूर्वी भाग मतदान केंद्र संख्या 108 को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है.
चरपोखरी में 73202 मतदाता करेंगे मतदान : चरपोखरी प्रखंड में वरीय प्रभारी पदाधिकारी अपर समाहर्ता सुरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में 4 सुपर जोनल दंडाधिकारी, 11 जोनल दंडाधिकारी तथा 42 पीसीसीपी दंडाधिकारी चुनाव में कार्य में लगाये गये है़ 140 मतदान केंद्र तथा 85 भवन एवं 11 पंचायतों तथा 137 वार्ड वाले चरपोखरी में 39749 पुरुष मतदाता, 33449 महिला मतदाता एवं 4 अन्य मतदाता सहित कुल 73202 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे. मध्य विद्यालय चरपोखरी उत्तरी भाग मतदान केंद्र संख्या 86 पर लाइव वेब कास्टिंग की जायेगी. मध्य विद्यालय, वरूणा उत्तरी भाग केंद्र संख्या 44 को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है.
गडहनी में 652 व चरपोखरी में 780 प्रत्याशी हैं चुनाव मैदान में: तृतीय चरण के होनेवाले चुनाव में गडहनी प्रखंड में जिप के एक पद के लिए 13 प्रत्याशी अपना भाग्य अजमा रहे हैं.
मुखिया के 9 पद के लिए 122 उम्मीदवार, पंचायत समिति के 13 पद के लिए 112 उम्मीदवार, सरपंच के 9 पद के लिए 51 उम्मीदवार, पंच के 135 पद के लिए 65 उम्मीदवार, वार्ड सदस्य के 135 पद के लिए 289 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. इसी प्रकार चरपोखरी प्रखंड के जिप के एक पद के लिए 8 प्रत्याशी हैं. मुखिया के 11 पद के लिए 149, पंचायत समिति के 14 पद के लिए 111, सरपंच के 11 पद के लिए 64, पंच के 137 पद के लिए 118 एवं वार्ड सदस्य के 137 पद के लिए 330 उम्मीदवार खड़े हैं.
चरपोखरी : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए सोमवार को होनेवाले मतदान को लेकर शनिवार की शाम तक प्रचार-प्रसार थम गया और प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदान के बाद ही हो पायेगा़. तीसरे चरण के लिए होनेवाले मतदान को लेकर प्रत्याशियों एवं मतदाताओं के बीच गहमागहमी और प्रचार का सिलसिला शनिवार को समाप्त हो गया. प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने को लेकर अपनी तरफ से पिटारा खोल दिया गया है.
चुनाव में सफल होने के लिए प्रत्याशी विभिन्न तरह के हथकंडे अपना रहे हैं. मतदाताओं को गोलबंद एवं लुभाने के लिए कई तरह के समीकरण बनाये गये हैं. वहीं मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं जिप के उम्मीदवार मतदाताओं की घेराबंदी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे. क्षेत्र का विकास करने, लोगों को नाली, गली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी विकास योजनाओं का आश्वासन देकर प्रत्याशी चुनावी जीतने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. इधर मतदाताओं की खामोशी से प्रत्याशियों में संशय की स्थिति बनी हुई है. क्षेत्र में प्रत्याशियों के नाम पर मतदाता बिलकुल खामोश हैं. प्रचार-प्रसार के बाद भी मतदाता खुल कर किसी के पक्ष में मतदान करने के लिए नहीं बोल रहे हैं. इससे प्रत्याशियों के अंदर बेचैनी बनी हुई है.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: प्रथम एवं द्वितीय चरण के मतदान के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा तीसरे चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम की व्यवस्था की जा रही है. प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बलों की तैनाती के साथ-साथ ही बूथ पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गयी है.
बूथ पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश: चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शेड, शौचालय, रैंप तथ अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी द्वारा दिया गया है.
कर्मियों ने किया योगदान: तीसरे चरण का चुनाव संपन्न कराने को लेकर शनिवार को चरपोखरी एवं गडहनी प्रखंड मुख्यालयों में मतदानकर्मियों ने योगदान किया है. वहीं मतदानकर्मियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गयी है. वाहनों की उपलब्धता, व्रज गृह की व्यवस्था तथा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है. मतदान के दिन मतदानकर्मियों को मतदान केंद्रों पर भेजने की व्यवस्था, आदर्श मतदान केंद्र, वेब कास्टींग की भी व्यवस्था की गयी है.
चार संदिग्ध पुलिस की गिरफ्त में
एनएस मॉल में हुए बम धमाके की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुट गयी है. इस मामले में चार संदिग्धों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. अब तक की जांच से तोयह तो स्पष्ट हो गया है कि रंगदारी को लेकर व्यवसयियों में दहशत फैलाने के ही उद्देश्य से यह धमाका किया गया है.
सुबह के 10 बजे पटना से एफएसएल की दो सदस्ययी टीम एनएस मॉल पहुंची, जहां दो घंटे तक जांच की. धमाके के बाद बम के बरामद अवशेष को जब्त कर पटना ले गयी. धमाके के तार जेल से जुड़े होने के संकेत मिलने के बाद जेल में भी छापेमारी की गयी. वहीं मंडल कारा में बंद लंबू शर्मा और चांद मियां से पूछताछ की गयी है. इधर देर शाम एसपी नगर थाने पहुंचे और हिरासत में लिये गये लोगों से पूछताछ की. एसपी क्षत्रनील सिंह ने दावा किया है कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
आरा : शहर के शिवगंज स्थित एनएस मॉल में हुए धमाके के बाद पुलिस काफी सख्त हो गयी है. घटना की प्लानिंग से लेकर वारदात को अंजाम देनेवाले के उस हर अपराधी के गिरेबान तक पहुंचना चाहती है जिसका इस धमाके से कनेक्शन है.
जैसे ही मोबाइल का लोकेशन और तार जेल से जुड़े होने के संकेत मिले तो जेल में जमकर छापेमारी की गयी. सदर एसडीओ नवदीप शुक्ला के नेतृत्व में दो घंटे तक सघन छापेमारी की गयी. इस दौरान वार्ड नं 3 से चंदन महतो के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ. छापेमारी में प्रशिक्षु एसपी दयाशंकर, सदर एसडीपीओ संजय कुमार तथा नगर कोतवाल के साथ-साथ भारी मात्रा में पुलिस बल के जवान मौजूद थे. एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर चार लोगों को हिरासत में लिया है. इसके साथ ही और संदिग्धों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.
सिम चालू होने के साथ ही मांगी गयी रंगदारी : जांच से यह भी पता चला है कि एक नंबर से सभी व्यवसायियों से रंगदारी की मांग की गयी है. जैसे ही सिम चालू हुई सबसे पहले होटल मालिक व हीरो शोरूम के प्रोपराइटर अरविंद सिंह से 40 लाख रुपये की मांग की गयी.
इसके तुरंत बाद कृष्णा ज्वेलर्स के मालिक गप्पू जैन से तीस लाख रुपये, मॉटो कारलो के प्रोपराइटर राजू पौदृार तथा एनएस मॉल के मालिक आलोक बेड़िया से रंगदारी की मांग की गयी. इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस पूरी तरह से हरकत में आ गयी . मामले की जांच की ही जा रही थी कि एक अपराधी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एनएस मॉल में धमाका कर सनसनी फैला दी गयी .
एफएसएल की टीम ने बारीकी से किया घटनास्थल का निरीक्षण : शुक्रवार के सात बज कर 10 मिनट पर एनएस मॉल में हुए धमाके की जांच करने के लिए एफएसएल के दो विशेषज्ञ नरेंद्र सिंह राघव और आशुतोष कुमार पहुंचे, जहां घटनास्थल का निरीक्षण किया. घटनास्थल से बरामद सामान को जब्त कर जांच के लिए पटना ले गयी. इसके साथ ही सदर एसडीपीओ संजय कुमार और नगर कोतवाल एसके साही से बातचीत की.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन