शादी समारोह में भाग लेने दिल्ली से आया था युवक

बरात निकली भी नहीं कि अरथी हुई तैयार आरा : उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी के बीबीगंज में गोधन महतो के घर से भांजे मुन्ना कुमार की बरात तुलसी हरिगांव जाने के लिए तैयार हो रही थी. चारों तरफ उत्सवी माहौल के बीच महिलाओं द्वारा मांगलिक गीत गाये जा रहे थे. घर के आगे […]
बरात निकली भी नहीं कि अरथी हुई तैयार
आरा : उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी के बीबीगंज में गोधन महतो के घर से भांजे मुन्ना कुमार की बरात तुलसी हरिगांव जाने के लिए तैयार हो रही थी. चारों तरफ उत्सवी माहौल के बीच महिलाओं द्वारा मांगलिक गीत गाये जा रहे थे. घर के आगे रस्म अदायगी हो रही थी. इन सब खबरों से बेखबर गोधन महतो को क्या पता था कि भांजे की बरात जाने के पहले ही मेरे बेटे की अरथी तैयार करनी पड़ेगी. दुश्मन खूनी खेल खेलने की तैयारी में जुटे हुये थे.
एकाएक भरत महतो, कुंवर महतो और मनोज यादव हाथों में हथियार लहराते हुए आ धमके और सरेआम घर में घुस कर रतन महतो को गोलियों से भून डाला. रतन महतो को पांच गोली मारी गयी थी. दिनदहाड़े हुई इस तरह की वारदात से गांव में सनसनी फैल गयी. मृतक रतन महतो दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और इस शादी समारोह में भाग लेने के लिए आया हुआ था. इस घटना के बाद किसी तरह शादी की औपचारिकताएं पूरी की गयीं. घर में महिलाओं द्वारा परिछावन की मांगलिक गीत गाये जा रहे थे. आज वहां मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
महिलाओं की हृदय विदारक चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है. शव को परिजन लेकर जब सदर अस्पताल पहुंचे, तो लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गयी. मृतक की मां और पिता की रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. मां रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी.
22 अप्रैल को विवाह समारोह में चली थी गोली, दो लोग हुए थे जख्मी
गत 22 अप्रैल को गोधन महतो की बेटी की बरात आयी हुई थी. बरात में नाच के दौरान हो रही फायरिंग से भरत महतो पक्ष के दो लोगों को गोली लग गयी थी. इसे लेकर भरत महतो द्वारा प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. पुलिस इस घटना से भी जोड़ कर देख रही है. इसके साथ भूमि विवाद भी पूर्व से चला आ रहा था.
बरात निकलने से पहले अरथी हुई तैयार
बरात निकलने से पहले ही बीबीगंज में खूनी खेल खेला गया. बरात अभी निकली भी नहीं थी कि गोधन महतो के बेटे की अरथी तैयार करनी पड़ी. इस घटना के बाद गांव के दो पक्षों में तनाव व्याप्त है. पुलिस नामजदों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










