bhagalpur news. घबराएं नहीं, घर पहुंचेगी गैस, शिकायत 0641-2402871 नंबर पर करें : डीएम

एलपीजी को लेकर उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर मंगलवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया.
एलपीजी को लेकर उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर मंगलवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि सिलिंडर डिलिवरी की संख्या बढ़ा दी गयी है. जिलेवासियों से अपील है कि वे बिल्कुल नहीं घबराएं. गैस की कोई कमी नहीं होने जा रही है. जिले के डिस्ट्रीब्यूटर के पास पर्याप्त संख्या में गैस भरा सिलिंडर उपलब्ध है. जिला प्रशासन हर दिन की उपलब्धता, बुकिंग और डिलिवरी के आंकड़ों पर नजर रख रहा है. कालाबाजारी पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. बीडीओ, एमओ और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को नजर रखने के लिए तैनात कर दिया गया है. अफवाह पर कोई भी ध्यान नहीं दें. नंबर लगाने के बाद तीन दिनों के अंदर डिलिवरी होगी. कुछ लोग अचानक बुकिंग कराने लगे हैं. यह भी सूचना है कि जिन्हें गैस की जरूरत नहीं, वह भी बुकिंग करा रहे हैं. यह भी एक महत्वपूर्ण कारण है अफरातफरी का. स्कूलों व अस्पतालों में भी दिक्कत नहीं होगी. पेट्रोल व डीजल भी एडवांस में खरीदने की जरूरत नहीं है. अगर किसी को कोई शिकायत हो, तो 0641-2402871 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं. यह जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर है. तेल व एलपीजी के संबंध में उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजनों को होनेवाली कठिनाइयों का समाधान करने के लिए जिला स्तर पर एक जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. इसमें तीन पालियों में कर्मियों की तैनाती की गयी है. भागलपुर समाहरणालय में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र स्थित जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. नियंत्रण कक्ष के सभी संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस कार्य के लिए प्राप्त शिकायतों की नियमित एंट्री करेंगे और उन्हें (जिलाधिकारी को) शिकायतों से अवगत करायेंगे. यह आदेश तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक लागू रहेगा.
डीएम ने किया मधु गैस गोदाम का निरीक्षण
जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने मंगलवार को तिलकामांझी चौक के समीप स्थित मधु गैस गोदाम का निरीक्षण किया. उन्होंने स्टॉक की जांच की और गैस आपूर्ति की स्थिति का आकलन किया. इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी भी उपस्थित थे. जिलाधिकारी ने कहा कि गैस गोदामों व दुकानों की नियमित छापेमारी की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




