जाम में फंसा एंबुलेंस, चीखते रहे सब, पिता की हुई मौत, बेटी गंभीर
Updated at : 31 Dec 2018 5:57 AM (IST)
विज्ञापन

नवगछिया : अंतत: जाम ने एक व्यक्ति की जान ले ली. झंडापुर ओपी थाना क्षेत्र के बगरी के पास एनएच- 31 पर शनिवार की शाम गाड़ी के धक्के से मोटरसाइकिल पर सवार नवगछिया के पकड़ा निवासी मनोज कुमार सिंह व उनकी पुत्री आरुषि भारती गंभीर रूप से घायल हो गये. आरुषि जवाहर नवोदय विद्यालय नगरपाड़ा […]
विज्ञापन
नवगछिया : अंतत: जाम ने एक व्यक्ति की जान ले ली. झंडापुर ओपी थाना क्षेत्र के बगरी के पास एनएच- 31 पर शनिवार की शाम गाड़ी के धक्के से मोटरसाइकिल पर सवार नवगछिया के पकड़ा निवासी मनोज कुमार सिंह व उनकी पुत्री आरुषि भारती गंभीर रूप से घायल हो गये.
आरुषि जवाहर नवोदय विद्यालय नगरपाड़ा में पढ़ती है. शनिवार को विद्यालय में वार्षिकाेत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह आरुषि को बाइक से लेकर घर आ रहे थे. बगरी ढाला के पास तेज रफ्तार से आ रही गाड़ी ने बाइक को सामने से जोरदार ठोकर मार दी.
हादसे में बाइक पर सवार मनोज सिंह और उनकी पुत्री आरुषि गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे की सूचना मिलने पर झंडापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा.
वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत देख मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया. रात के आठ बजे परिजन दोनों को लेकर एंबुलेंस से मायागंज के लिए निकले. विक्रमशिला पुल पर भीषण जाम लगा था, जिसमें वे लोग करीब चार घंटे तक फंस गये. किसी तरह रात के 12:30 बजे वे लोग मायागंज अस्पताल पहुंचे.
तब तक दोनों की हालत नाजुक हो चुकी थी. इलाज के दौरान मनोज सिंह ने दम तोड़ दिया. वहीं आरुषि की भी हालत नाजुक बनी हुई है. उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. रविवार को अनुमंडल अस्पताल में मनोज के शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
जाम नहीं होता, तो बच सकती थी मनोज की जान:
परिजनों ने कहा कि जाम नहीं होता, तो समय पर हमलोग अस्पताल पहुंच जाते और मनोज की जान बच जाती.
जाम के कारण घायलों की हालत बिगड़ चुकी थी.
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी सुमन भारती दहाड़ मार कर रो रही है. परिवार के अन्य सदस्य संभाल का प्रयास कर रहे हैं. सुमन भारती लक्ष्मीपुर मध्य विद्यालय, पकड़ा में शिक्षिका हैं.
मनोज सिंह को दो पुत्र व एक पुत्री है. बड़ा पुत्र आयुष गांव में ही रहकर पढ़ाई कर रहा है. छोटा पुत्र पीयूष सैनिक स्कूल लुधियाना में पढ़ता है. छोटी बेटी भी जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ती है. झंडापुर ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है. थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
हो चुकी है कई मौतें
30 जुलाई 2018 : गोराडीह से मायागंज अस्पताल आ रही गर्भवती विभा देवी की एनएच 80 पर गड्ढे व जाम ने ले ली थी जान
18 जनवरी 2014 : रंगरा के नंदकिशोर साह की पुत्री गर्भवती बेटी रजनी देवी का एंबुलेंस विक्रमशिला सेतु पर फंसा, हो गयी मौत
18 जनवरी 2014 : एसएसवी कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य आरपीसी वर्मा के पिता शत्रुघन प्रसाद सिंह की मौत भी जाम के कारण हो गयी थी
बेटी को जवाहर नवोदय विद्यालय नगरपाड़ा से लेकर आ रहे थे घर
गाड़ी के धक्के से दोनों हो गये थे जख्मी
एंबुलेंस चालक लोगों से करता रहा विनती
मृतक की पत्नी सुमन भारती लक्ष्मीपुर मध्य विद्यालय, पकड़ा में हैं शिक्षिका
जारी है भागलपुर से नवगछिया तक जाम का सिलसिला
नवगछिया में जाम की समस्या धीरे-धीरे भयावह रूप लेती जा रही है. विक्रमशिला पुल, पहुच पथ व एनएच 31 पर जाम लगे रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त सा हो गया है. जाम के कारण लोगों की जिंदगी ठहर सी गयी है. एक सप्ताह के अंतराल के बाद एक बार फिर से नवगछिया में जाम भयावह रूप ले लिया है.
शुक्रवार से उत्पन्न हुई जाम की समस्या लगातार तीसरे दिन रविवार को भी यथावत थी. रविवार को विक्रमशिला पुल, पहुंच पथ पर जाम की स्थिति भयावह हो गयी है. विक्रमशिला पुल की स्थिति दिन भर सामान्य रही, लेकिन शाम ढलते ही सेतु पर नवगछिया की ओर से लगभग डेढ़ किलोमीटर तक जाम लग गया.
इधर नवगछिया की ओर विक्रमशिला पुल पहुंच पथ और नवगछिया जीरो माइल से लेकर मकंदपुर चौक तक एनएच-31 भी दोपहर बाद से ही पूरी तरह से जाम की जद से जूझता दिखा. इस दौरान कई आवश्यक सेवा के वाहन भी जाम में फंसे दिखे. नवगछिया एनएच- 31 पर जाम लगने का सबसे बड़ा कारण सड़क के एक तरफ नो इंट्री में फंसे वाहनों की लंबी कतार है.
सड़क पर ट्रकों को खड़ा कर दिये जाने के कारण सड़क स्वाभाविक रूप से वन-वे हो जाता है और वाहनों के परिचालन में ओवरटेकिंग होते ही देखते ही देखते जाम लग जाता है. नवगछिया के स्थानीय लोगों आजाद हिंद मोरचा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव, राजद के प्रवक्ता विश्वास झा ने कहा कि अभी तक जाम को लेकर पुलिसिंग चुस्त-दुरुस्त नहीं है.
कुछ चौक-चौराहों पर पुलिस जाम से जूझती जरूर नजर आती है, लेकिन जाम की समस्या के निदान के लिए नवगछिया पुलिस को बेहतर यातायात व्यवस्था लागू करना होगा और यातायात कानून को सख्ती से लागू करना होगा. परबत्ता थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने कहा कि ओवरटेकिंग जाम की सबसे बड़ी समस्या है. वे लोग देर रात तक जाम को हटाने का प्रयास कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




