भागलपुर में बीच गंगा में खराब हुई नाव, यात्रियों में मची अफरातफरी, SDRF ने सुरक्षित पहुंचाया किनारे

Updated:
विज्ञापन
भागलपुर में बीच गंगा में खराब हुई नाव, यात्रियों में मची अफरातफरी, SDRF ने सुरक्षित पहुंचाया किनारे

Bhagalpur News : भागलपुर में गंगा नदी के बीच अचानक खराब हुई नाव ने यात्रियों की सांसें रोक दीं. बीच धारा में नाव बंद होते ही लोगों में अफरातफरी मच गयी, लेकिन SDRF की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.

विज्ञापन

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट : भागलपुर में सोमवार को महादेवपुर से बारारी घाट जा रही एक छोटी नाव बीच गंगा नदी में अचानक खराब हो गयी. नाव के बीच धारा में बंद हो जाने से यात्रियों में दहशत फैल गयी. सूचना मिलने के बाद SDRF टीम मौके पर पहुंची और दूसरे नाव की मदद से खराब नाव को टोचन कर सुरक्षित बारारी घाट तक पहुंचाया. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे.

बीच धारा में बंद हुई नाव, यात्रियों में मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार सोमवार करीब 12 बजे महादेवपुर से एक छोटी नाव यात्रियों को लेकर बारारी घाट के लिए रवाना हुई थी. इसी दौरान बीच गंगा नदी में नाव अचानक खराब हो गयी. नाव रुकते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गयी और लोग घबराने लगे.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद SDRF भागलपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने हालात का जायजा लेने के बाद दूसरे नाव की मदद से खराब नाव को टोचन कर सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया.

टोचन कर बारारी घाट तक लायी गयी नाव

SDRF की टीम ने सावधानीपूर्वक खराब नाव को दूसरे नाव से बांधकर बारारी घाट तक पहुंचाया. इस दौरान नाव में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रखा गया. समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया.

एक दिन पहले भी खराब हुई थी यही नाव

बताया गया कि खराब हुई नाव के नाविक का नाम छोटू कुमार है. स्थानीय लोगों के अनुसार यही नाव एक दिन पहले भी नदी में खराब हो चुकी थी. इसके बावजूद नाव का परिचालन जारी रहने पर लोगों ने चिंता जतायी है.

त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों ने SDRF टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की. लोगों का कहना है कि यदि समय पर राहत नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद नावों की सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन