भागलपुर पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, बांका और गोड्डा के तीन आरोपी गिरफ्तार

प्रेस वार्ता कर जानकारी देते सिटी एसपी अतुलेश झा
भागलपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है. गिरोह से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं और बांका व गोड्डा के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की जांच में शराब तस्करी में इन वाहनों के इस्तेमाल की भी आशंका जताई गई है.
Bhagalpur Bike Theft Gang: भागलपुर पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की है. इस मामले में बांका और झारखंड के गोड्डा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का दावा है कि गिरोह चोरी की बाइक को दूसरे जिलों और राज्यों में बेचने के साथ-साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी इस्तेमाल करता था.
बांका और गोड्डा के तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में बांका जिले के धनकुंड थाना क्षेत्र के अरसंडा निवासी देवानंद कुमार, झारखंड के गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के रजन मोड़ निवासी मिथुन कुमार तथा गंगटी जहांगीर निवासी राहुल कुमार शामिल हैं. मामले की जानकारी सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में दी.
एक बाइक चोरी की जांच से खुला पूरे गिरोह का राज
Bhagalpur Bike Theft Gang: सिटी एसपी ने बताया कि लोदीपुर थाना क्षेत्र के कोढ़ा निवासी पवन मंडल की बाइक चोरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई. अनुसंधान के दौरान आरोपियों की पहचान हुई और छापेमारी कर सबसे पहले पवन मंडल की चोरी हुई बाइक बरामद की गई. इसके बाद लगातार कार्रवाई करते हुए तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई. ये बाइक हाल के दिनों में सुलतानगंज, लोदीपुर और अन्य थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं.
चोरी की बाइक से शराब तस्करी की भी आशंका
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों को दूर-दराज के इलाकों में बेच देता था. कुछ मामलों में इन वाहनों का इस्तेमाल शराब तस्करी जैसे अवैध कार्यों में होने की भी आशंका है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े स्थानीय नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार, लोदीपुर थानाध्यक्ष राजाश्याम गुप्ता, सुनील कुमार, नीलू कुमारी, अस्लेखा कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस टीम की सक्रिय कार्रवाई से बाइक चोरी के संगठित गिरोह का खुलासा हो सका.
बाइक चोरी होने पर तुरंत दें सूचना : सिटी एसपी
सिटी एसपी अतुलेश झा ने लोगों से अपील की कि बाइक चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाना में सूचना दें. वाहन की खरीद-बिक्री हमेशा वैध दस्तावेजों के साथ करें. सुनसान स्थानों पर बाइक खड़ी करने से बचें और आवश्यकता पड़ने पर डबल लॉक का उपयोग करें, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋषव मिश्रा कृष्णा
ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










