भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ स्लीपिंग पॉड यात्री निवास की सुविधा, 46 बेड की सुविधा, दो स्पेशल ट्रेनों पर भी बड़ा अपडेट

भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ यात्री निवास
Bhagalpur Railway News: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक स्लीपिंग पॉड की सुविधा शुरू हो गई है। इसमें 46 बेड की व्यवस्था है। साथ ही, भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ाने और रांची-भागलपुर के बीच नई स्पेशल ट्रेनों की तैयारी पर भी महत्वपूर्ण अपडेट्स आए हैं।
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
Bhagalpur Railway News: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत भागलपुर स्टेशन पर आधुनिक स्लीपिंग पॉड (यात्री निवास) सुविधा शुरू कर दी गई है. यहां कुल 23 स्लीपिंग यूनिट में 46 बेड की व्यवस्था की गई है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में यह सुविधा आम यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी. इसके साथ ही भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव और श्रावणी मेला को लेकर रांची-भागलपुर स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी भी तेज हो गई है.
भागलपुर स्टेशन पर शुरू हुआ आधुनिक स्लीपिंग पॉड
शुक्रवार को स्टेशन पर स्लीपिंग पॉड यात्री निवास का उद्घाटन एसीएमएस डॉ. सतेंद्र कुमार और स्टेशन अधीक्षक विनय प्रकाश ने किया. यह सुविधा पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के स्टेशनों में अपनी तरह की पहली पहल मानी जा रही है.
यात्री निवास में 23 स्लीपिंग यूनिट बनाए गए हैं, जिनमें कुल 46 बेड उपलब्ध हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए निजी कमरे, भारतीय एवं पश्चिमी शैली के शौचालय, आधुनिक वॉशरूम और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं.
यात्रियों को मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
स्लीपिंग पॉड में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.
हाई-स्पीड वाई-फाई सुरक्षित लॉकर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट आरामदायक बेड व्यक्तिगत गोपनीयता के लिए पर्दे आधुनिक इंटीरियर 24×7 सीसीटीवी निगरानी अग्निशमन एवं फायर डिटेक्शन सिस्टम
रेलवे का कहना है कि इससे लंबी दूरी के यात्रियों को कम खर्च में आरामदायक ठहरने की सुविधा मिलेगी.
बंद पड़ा लगेज स्कैनर भी होगा चालू
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर करीब दो महीने से बंद पड़े लगेज स्कैनर को भी फिर से चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कोलकाता से पहुंची दो सदस्यीय तकनीकी टीम स्कैनर की मरम्मत में जुटी है. इसके चालू होने के बाद स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी.
बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
Bhagalpur Railway News: भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन को 31 अगस्त तक चलाने का प्रस्ताव
रेलवे ने श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन के परिचालन को 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाने का प्रस्ताव पूर्व रेलवे मुख्यालय को भेजा है. फिलहाल इस ट्रेन के संचालन की मंजूरी 28 अगस्त तक दी गई है.
यह स्पेशल ट्रेन भागलपुर, अकबरनगर, सुल्तानगंज और मुंगेर होते हुए कटिहार तक संचालित होती है, जिससे सावन के दौरान यात्रियों और कांवरियों को बड़ी राहत मिलेगी.
रांची-भागलपुर के बीच चल सकती हैं दो स्पेशल ट्रेनें
श्रावणी मेला में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रांची और भागलपुर के बीच दो विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी भी की जा रही है. प्रस्ताव के अनुसार पहली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 26 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक तथा दूसरी 27 जुलाई से 12 सितंबर 2026 तक चल सकती है.
दोनों ट्रेनों में 16-16 कोच लगाने की योजना है, ताकि झारखंड और बिहार के श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराई जा सकें. फिलहाल अंतिम निर्णय पूर्व रेलवे मुख्यालय द्वारा लिया जाना बाकी है.
यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
रेलवे की इन पहलों से भागलपुर स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर ठहरने की सुविधा मिलेगी. वहीं श्रावणी मेला के दौरान अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन से बिहार और झारखंड के हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










