नरकटियागंज में सीओ व आरओ हड़ताल पर, बैरंग लोटे सैकड़ों आवेदक
Published by : SATISH KUMAR Updated At : 11 Sep 2025 5:59 PM
बेगूसराय जिले के डंडारी प्रखंड में मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम द्वारा अंचलाधिकारी राजीव कुमार और उनके डाटा ऑपरेटर कुंदन कुमार को दो लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार करने के मामले में राज्यभर के सीओ हड़ताल पर चले गए हैं.
नरकटियागंज. बेगूसराय जिले के डंडारी प्रखंड में मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम द्वारा अंचलाधिकारी राजीव कुमार और उनके डाटा ऑपरेटर कुंदन कुमार को दो लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार करने के मामले में राज्यभर के सीओ हड़ताल पर चले गए हैं. गुरुवार को नरकटियागंज सीओ सुधांशु शेखर व आरओ अशोक कुमार भी हड़ताल पर चले गए. इससे अंचल मुख्यालय पहुंचने वाले सैकड़ों आवेदक कार्य नहीं होने पर बैरंग वापस लौट गए. सीओ श्री शेखर ने बताया कि राज्य संघ के आह्वान पर वे लोग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. नौ सितंबर को पंसस की बैठक के दौरान एक सुनियोजित साजिश के तहत नियम विरूद्ध कार्य करते हुए जबरन रूपये देकर सीओ राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. इस तरह की कार्रवाई आम बात हो गयी है. राजस्व अधिकारी भय व दहशत के माहौल में कार्य करने को विवश हैं. उन्होंने बताया कि हड़ताल में शामिल होने वे भी पटना जा रहे हैं, जब तक फैसला नहीं हो जाता तब तक संघ के दिशा निर्देश के आलोक में कार्य होगा. सीओ ने यह भी बताया कि निगरानी विभाग ने जिस झूठे आरोप में सीओ राजीव कुमार को गिरफ्तार किया है, उन्होंने खुद वीडियो जारी कर ये बताया है कि वे पंचायत समिति की बैठक में मौजूद थे और उन्हें फंसाने की साजिश रची गई. उनका दावा था कि न तो उन्होंने रिश्वत मांगी और न ही उनके पास से पैसे बरामद हुए. सीओ ने कहा कि केवल डाटा ऑपरेटर से रुपये बरामद किए गए हैं और उन्हें बेवजह फंसाया जा रहा है. हालांकि सीओ व आरओ के हड़ताल पर चले जाने से कर्मी तो कार्यालय में नजर आए. लेकिन आवेदक मुंह लटकाए वापस चले गए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










