Bettiah: चंपारण में आसमानी आफत, आंधी-बारिश से मक्के की फसल तबाह, किसानों में हाहाकार
Published by : Aniket Kumar Updated At : 13 May 2026 3:04 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मझौलिया में बीती रात आई तेज आंधी और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है. मक्का और सब्जी की फसलें बर्बाद होने से किसान दाने-दाने को मोहताज हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है. पढ़ें पूरी खबर…
बेतिया के मझौलिया से संजय पांडेय की रिपोर्ट
Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड में कुदरत ने जमकर कहर बरपाया. बीती रात करीब 1 बजे आई तेज आंधी और ओलावृष्टि ने क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है. सबसे ज्यादा नुकसान मक्का की फसल को पहुँचा है, जो तेज हवाओं के कारण खेतों में बिछ गई है. इस प्राकृतिक आपदा से किसानों को भारी आर्थिक क्षति की आशंका है.
खेतों में सो गई मक्का की फसल
मंगलवार रात अचानक बदले मौसम के मिजाज ने देखते ही देखते तबाही मचा दी. किसानों ने बताया कि मक्का की फसल कटाई के लिए लगभग तैयार थी, लेकिन तेज आंधी ने उसे जमीन पर गिरा दिया. इसके अलावा, कई ग्रामीण क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि के कारण सब्जी और दलहन की फसलों को भी गंभीर नुकसान पहुँचा है. किसानों का कहना है कि उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है.
बिजली आपूर्ति ठप, जनजीवन प्रभावित
आंधी का असर इतना तेज था कि कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों और बिजली के तारों पर गिर गईं. इसके चलते कई घंटों तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही. ग्रामीण इलाकों में लोगों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा और काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सुबह होते ही प्रभावित किसान अपने खेतों की ओर भागे, जहां तबाही का मंजर देखकर उनकी आंखें नम हो गईं.
मुआवजे की गुहार
फसल की बर्बादी से बेहाल किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से क्षति का तुरंत आकलन करने की अपील की है. किसानों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराए ताकि वे इस संकट से उबर सकें. फिलहाल, मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी सतर्क रहने की सलाह दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










