BPSC 70वीं परीक्षा में बेतिया की बेटी प्रीति कुमारी बनीं SDM, साठी में हुआ भव्य स्वागत

Updated:
विज्ञापन

BPSC परीक्षा में SDM पद पर चयनित प्रीति कुमारी का साठी नवमी चौक पर स्वागत करते स्थानीय लोग

Bettiah BPSC Success Story: पश्चिम चंपारण की बेटी प्रीति कुमारी ने 70वीं BPSC परीक्षा में सफलता हासिल कर SDM पद प्राप्त किया है. पहली बार गांव लौटने पर साठी नवमी चौक पर उनका गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ भव्य स्वागत किया गया. जानिए खबर विस्तार से...

विज्ञापन

BPSC Success Story: बेतिया की बेटी प्रीति कुमारी ने 70वीं BPSC परीक्षा में सफलता हासिल कर SDM पद प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि ने पूरे पश्चिम चंपारण को गौरवान्वित कर दिया है. लौरिया प्रखंड के बहुअरवा पंचायत अंतर्गत नोनीपाकड़ गांव की रहने वाली प्रीति कुमारी जब पहली बार अपने घर लौटने के लिए साठी नवमी चौक पहुंचीं तो उनके स्वागत के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जयकारों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया.

बेटी की सफलता पर झूम उठा पूरा इलाका

प्रीति कुमारी की सफलता की खबर से पहले ही पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल था. साठी नवमी चौक पर पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया. स्वागत समारोह में सैकड़ों लोग शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.

मां की आंखों से छलके खुशी के आंसू

स्वागत समारोह के दौरान प्रीति कुमारी की माता शोभा देवी भावुक हो उठीं. बेटी को SDM बनने के बाद सम्मानित होते देख उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने इसे पूरे इलाके के लिए गर्व का क्षण बताया.

जनप्रतिनिधियों ने किया अभिनंदन

बहुअरवा पंचायत के मुखिया पति सह भाजपा लौरिया पूर्वी मंडल अध्यक्ष दीपक दत्त तिवारी उर्फ दीपू तिवारी ने प्रीति कुमारी को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि प्रीति रिश्ते में उनकी भतीजी हैं और उनकी सफलता पर पूरे परिवार तथा क्षेत्र को गर्व है. उन्होंने कहा कि प्रीति ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है.

गाजे-बाजे के साथ गांव पहुंचा काफिला

स्वागत के बाद सैकड़ों लोगों का काफिला गाजे-बाजे के साथ नोनीपाकड़ गांव के लिए रवाना हुआ. रास्ते भर लोगों ने प्रीति कुमारी का अभिनंदन किया. ग्रामीणों ने कहा कि उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों को नई प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आगे बढ़ेंगी.

युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने कहा कि प्रीति कुमारी ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे पश्चिम चंपारण जिले का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.

बेतिया के साठी से कृष्ण कुमार राय की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन