बेतिया: बिजली चोरी केस रफा-दफा करने के लिए मांगी रिश्वत, चाय दुकान पर एएसआई गिरफ्तार
गिरफ्तार जमादार
शिकारपुर थाना के ASI उपेंद्र विद्यार्थी को बिजली चोरी के मामले को रफा-दफा करने के एवज में 4000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है. यह थाना में तीसरी बड़ी निगरानी कार्रवाई है.
Bettiah News: नरकटियागंज. बिजली चोरी के मामले को रफा-दफा करने के एवज में चार हजार रुपये रिश्वत लेते शिकारपुर थाना के एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी को निगरानी विभाग की टीम ने सोमवार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. एएसआई शिकायतकर्ता अमृत कुमार को फोन कर हाई स्कूल चौक स्थित चाय दुकान पर बुलाया था. जैसे ही उसने तय रकम के चार हजार रुपये लिए, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने उसे पकड़ लिया.
आपके शहर में
Narkatiaganj News:चाय दुकान पर बुलाया, रकम लेते ही दबोचे गए एएसआई
बताया जाता है कि शिकायतकर्ता अमृत कुमार ने एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए निगरानी विभाग में शिकायत की थी. शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की तैयारी की. सोमवार को एएसआई ने अमृत कुमार को फोन कर हाई स्कूल चौक स्थित पप्पू की चाय दुकान पर बुलाया.
अमृत कुमार के अनुसार, एएसआई ने बताया था कि उन्हें केस के सिलसिले में बाहर जाना है और दो बजे के बाद निकलना है. इसलिए उन्होंने जल्दी आने को कहा. चाय दुकान पर दोनों ने चाय पी. इसके बाद जैसे ही अमृत कुमार ने चार हजार रुपये एएसआई को दिए, निगरानी टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया.
हाफ पैंट और सफेद शर्ट में पहुंचे थे एएसआई
बताया गया कि एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी हाफ पैंट और सफेद शर्ट में चाय दुकान पर पहुंचे थे. उन्हें अन्य केस के रिव्यू के लिए एसडीपीओ कार्यालय भी जाना था, लेकिन उससे पहले रिश्वत की रकम लेने की जल्दबाजी में थे. सोमवार करीब डेढ़ बजे निगरानी विभाग की टीम दो वाहनों से हाई स्कूल चौक पहुंची और चाय दुकान के पास से एएसआई को अपने कब्जे में ले लिया.
शिकारपुर थाना में तीसरी बड़ी निगरानी कार्रवाई
एएसआई की गिरफ्तारी के बाद शिकारपुर थाना एक बार फिर रिश्वतखोरी के मामले को लेकर चर्चा में है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, थाना में रिश्वत लेते पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ यह तीसरी बड़ी निगरानी कार्रवाई है.
इससे पहले 12 अक्टूबर 2018 को एएसआई संतोष कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था. 21 अगस्त 2025 को तत्कालीन एसआई प्रीति कुमारी को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी ने पकड़ा था. अब 24 अगस्त 2026 को एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी चार हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए हैं.
“एसपी का गोद लिया थाना” फिर चर्चा में
एएसआई की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय स्तर पर शिकारपुर थाना की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. खास तौर पर इस बात की चर्चा है कि जिस शिकारपुर थाना को एसपी ने गोद लिया है, वहीं लगातार रिश्वतखोरी के मामलों में पुलिस पदाधिकारी निगरानी के हत्थे चढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: भोलेनाथ के दर्शन को जा रहे थे श्रद्धालु, जंगल के रास्ते में अचानक सामने आ गए दो भालू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए