बोकारो में टाटा सायरा गाड़ी नहीं मिली तो नवविवाहिता का जीना किया दूभर, तंग आकर मायके में दी जान

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते आक्रोशित परिजन

Bokaro Suicide Case: बोकारो के गोमिया में टाटा सायरा गाड़ी की मांग को लेकर ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता पिंकी कुमारी ने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर दी.

विज्ञापन

बोकारो से प्रशांत कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

Bokaro Suicide Case, बोकारो : बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में दहेज लोभियों ने एक और बेटी की हंसती-खेलती जिंदगी छीन ली. मामला घरवाटांड़ क्षेत्र का है. इस इलाके में रहने वाली पिंकी कुमारी (22 वर्ष) ने ससुराल वालों द्वारा लगातार दी जा रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने इंसाफ और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिंकी के शव को गोमिया मोड़ पर रखकर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया.

29 अप्रैल को हुई थी शादी

मृतका के भाई सुधीर यादव ने तेनुघाट ओपी प्रभारी को दिए लिखित आवेदन में ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. आवेदन के अनुसार पिंकी की शादी इसी साल 29 अप्रैल को गोमिया पड़रिया निवासी रामेश्वर यादव के पुत्र संतोष यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम से हुई थी. शादी के कुछ दिन बीतते ही पति और ससुराल के अन्य सदस्य ‘टाटा सायरा’ गाड़ी की मांग करने लगे. जब पिंकी के मायके वालों ने असमर्थता जताई, तो पिंकी को बेरहमी से पीटा जाने लगा.

23 जून को अधमरी हालत में अस्पताल पहुंचाया

परिजनों ने बताया कि पिंकी पर अत्याचार की सारी हदें पार हो चुकी थीं. 23 जून को जब पिंकी अपने ससुराल लौटी, तो वहां उसके साथ फिर से बेरहमी से मारपीट की गई. चीख-पुकार सुनकर उसे छोड़ने गए मायके वाले तुरंत घर के अंदर दौड़े और उसे गंभीर हालत में बचाकर गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद वे पिंकी को संभालकर अपने घर (मायके) ले आए. लेकिन, लगातार मिल रही प्रताड़ना और जख्मों से अंदर तक टूट चुकी पिंकी ने 26 जून को मायके के ही एक कमरे में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

Also Read: Patratu: पीवीयूएनएल की तीसरी 800 मेगावाट इकाई मार्च 2027 तक होगा चालू, CEO का ऐलान

गोमिया मोड़ पर प्रदर्शन

पिंकी की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया. आरोपियों पर तुरंत एक्शन की मांग को लेकर परिजनों ने शव के साथ गोमिया मोड़ को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जाम की सूचना मिलते ही तेनुघाट ओपी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई का लिखित भरोसा देकर जाम को हटवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. तेनुघाट ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि भाई के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

Also Read: बाबा धाम जाना होगा आसान, श्रावणी मेले से पहले NHAI तैयार कर रहा स्पेशल कांवड़िया ट्रैक

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola