बगहा: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में सड़क पर दिखा तेंदुओं का जोड़ा, सहमे रहे राहगीर
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 13 Jun 2026 1:57 PM
देर रात सड़क पर बैठे तेंदुओं का जोड़ा
Bagaha News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर-पनियहवा मार्ग पर देर रात सड़क के बीच तेंदुओं का जोड़ा बैठा नजर आया. कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जानिए खबर विस्तार से...
Bagaha News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के मदनपुर वन क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक तेंदुए के जोड़े ने राहगीरों की सांसें थमा दीं. मदनपुर-पनियहवा मुख्य मार्ग पर दोनों तेंदुए सड़क के बीच बैठ गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वन विभाग ने पुष्टि की है कि वीडियो में दिखाई दे रहे वन्यजीव तेंदुए हैं, बाघ नहीं.
सड़क पर बैठे दिखे तेंदुए, वाहनों की लगी कतार
घटना रात करीब 9:30 बजे मदनपुर वन क्षेत्र कार्यालय मोड़ और मदनपुर चेक पोस्ट के बीच की है. वायरल वीडियो में दोनों तेंदुए वाहनों की हेडलाइट के सामने सड़क पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. कुछ देर तक सड़क पर अठखेलियां करने के बाद दोनों आराम से जंगल की ओर लौट गए.
अभिनेता राजा भोजपुरिया ने बनाया वीडियो
वीडियो बगहा के अभिनेता एवं गायक राजा भोजपुरिया ने बनाया है. उन्होंने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ उत्तर प्रदेश से बिहार लौट रहे थे. अचानक सड़क पर दो बड़े वन्यजीवों को देखकर उन्होंने वाहन रोक दिया. शुरुआत में उन्हें लगा कि यह बाघ और बाघिन का जोड़ा है. सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने कार के शीशे और दरवाजे बंद कर लिए. बाद में दोनों जानवरों के खड़े होने पर उनकी पहचान तेंदुओं के रूप में हुई.
वन विभाग ने क्या कहा
मदनपुर वन क्षेत्र के रेंजर नसीम अंसारी ने बताया कि क्षेत्र में फिलहाल बाघ की गतिविधि की कोई सूचना नहीं है. वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले दोनों वन्यजीव तेंदुए हैं, जो संभवतः आपस में अठखेलियां कर रहे थे. उन्होंने बताया कि मदनपुर वन क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है और उनका दिखाई देना असामान्य नहीं है. साथ ही लोगों से जंगल क्षेत्र से गुजरते समय सतर्क रहने की अपील की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










