भागलपुर के कजरैली में बक्सा दुकानदार पर जानलेवा हमला, एक आरोपी भीड़ के हत्थे चढ़ा

सांकेतिक तस्वीर
भागलपुर जिले के कजरैली में शनिवार देर रात एक बक्सा दुकानदार पर तीन हथियारबंद बदमाशों ने गोली चला दी. गोली दुकानदार के गाल को छूते हुए निकल गई. स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए.
नाथनगर(भागलपुर) से रिपोर्ट
Bhagalpur Crime: भागलपुर जिले के कजरैली थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी. रहमानीगंज में बक्सा बनाने वाले एक दुकानदार पर तीन हथियारबंद बदमाशों ने सोते समय गोली चला दी. गोली दुकानदार के गाल को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
घायल दुकानदार की पहचान गोराडीह निवासी रंजीत वर्मा के रूप में हुई है, जो फिलहाल मायागंज अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है. शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और 2024 में हुए एक हत्याकांड से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है.
आधी शटर खोलकर दुकान में सो रहा था दुकानदार
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई. रंजीत वर्मा कजरैली थाना क्षेत्र के रहमानीगंज में अपनी बक्सा बनाने की दुकान चलाता है और वहीं दुकान की आधी शटर खोलकर सो रहा था. इसी दौरान तीन बदमाश बाइक से पहुंचे और हत्या की नीयत से उस पर गोली चला दी.
गोली उसके गाल को छूते हुए निकल गई. गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और दुकान का स्टाफ जाग गए. बदमाश मौके से भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया.
भीड़ ने जिस आरोपी को पकड़ा, वह कौन है
पकड़े गए आरोपी की पहचान गोराडीह बाजार निवासी सोनू चौधरी के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही कजरैली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों की बाइक भी बरामद कर ली है.
दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
2024 के हत्याकांड से जुड़ रही घटना
जांच में सामने आया है कि रंजीत वर्मा वर्ष 2024 में गोराडीह में हुए सोमेश मंडल हत्याकांड का आरोपित रह चुका है और इस मामले में वह करीब एक वर्ष जेल में भी रहा था.
पुलिस को आशंका है कि शनिवार रात की फायरिंग उसी पुराने विवाद का परिणाम हो सकती है. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि सोमेश मंडल के पुत्र ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए यह हमला कराया.
गिरफ्तार आरोपी का बड़ा दावा, एक लाख की सुपारी
पुलिस हिरासत में लिए गए सोनू चौधरी ने पूछताछ में दावा किया कि सोमेश मंडल के पुत्र अभिषेक मंडल ने रंजीत वर्मा की हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी. उसने यह भी बताया कि 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे.
उसके अनुसार निकेश कुमार और अवधेश यादव उर्फ अवधिया ने गोली चलाई, जबकि तीनों पल्सर बाइक से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे. गोली चलने के बाद भीड़ जुट गई और दोनों साथी बाइक छोड़कर भाग निकले.
पुलिस इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
इलाके में बढ़ी दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
रात के समय दुकान में सो रहे कारोबारी पर इस तरह हमला होने से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि अपराधियों ने पहले से रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे.
घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण और बाजार क्षेत्रों में देर रात सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और पुराने हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है.
Bhagalpur Crime: पुलिस क्या कह रही है
भागलपुर सिटी एसपी अतुलेश झा ने कहा कि यह मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घायल की स्थिति सामान्य है. पुलिस घायल से भी विस्तृत पूछताछ करेगी और इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
Also Read: TRE-4 के लिए BPSC को भेजा गया प्रस्ताव हुआ वापस, क्या अब होगा आंदोलन? शोभा अहोतकर से लगाई उम्मीद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










