बांकीपुर उपचुनाव का रिजल्ट कल, AN कॉलेज में सुबह 8 बजे से काउंटिंग, जानिए क्या हैं नियम

एएन कॉलेज के बाहर की तस्वीर
Bankipur By Election Result: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार, 3 अगस्त को पटना के एएन कॉलेज में होगी. सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली काउंटिंग को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मतगणना केंद्र में सिर्फ पासधारकों को ही प्रवेश मिलेगा और मोबाइल ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
Bankipur By Election Result: 30 जुलाई को हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का परिणाम सोमवार, 3 अगस्त को घोषित किया जाएगा. मतगणना पटना के एएन कॉलेज स्थित काउंटिंग सेंटर में सुबह 8 बजे से शुरू होगी. जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
सिर्फ पासधारकों को मिलेगा प्रवेश
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि मतगणना केंद्र में केवल वैध प्रवेश पास रखने वाले लोगों को ही आने की अनुमति होगी. प्रत्येक व्यक्ति के लिए अलग-अलग पास जारी किया गया है. एक पास सिर्फ एक व्यक्ति के लिए ही मान्य रहेगा.
मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक
मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी तरह की आपत्तिजनक वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस नियम का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
अलग-अलग गेट से होगा प्रवेश
निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के अनुसार, उम्मीदवार और उनके अधिकृत प्रतिनिधि एएन कॉलेज के गेट नंबर-1 से प्रवेश करेंगे. वहीं मतगणना कर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए गेट नंबर-2 निर्धारित किया गया है.
अधिकारियों को समय पर पहुंचने का निर्देश
एएन कॉलेज के परीक्षा भवन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से मतगणना केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी लोग भारत निर्वाचन आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पूरी तरह पालन करें और अपनी जिम्मेदारियां गंभीरता से निभाएं.
सुरक्षा जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना जांच किसी को भी मतगणना केंद्र में प्रवेश न दिया जाए. हर व्यक्ति के प्रवेश पास की जांच होगी और सघन सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति मिलेगी.
रूट प्लान भी रहेगा लागू
मतगणना के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है. पुलिस को इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित न हो.
सोमवार सुबह शुरू होने वाली मतगणना पर पूरे बिहार की नजर रहेगी. कुछ ही घंटों में यह साफ हो जाएगा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनता ने किस उम्मीदवार पर अपना भरोसा जताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










