चेहल्लुम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

बैठक में एसडीएम व अन्य
चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शिकारपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. इसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. सुरक्षा के व्यापक इंतजामों पर भी चर्चा हुई.
West Champaran News: चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शिकारपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, ताजिया कमेटियों के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
Narkatiaganj News: शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने कहा कि चेहल्लुम आपसी सद्भाव और भाईचारे का पर्व है. सभी लोग शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं. जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन करें. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अफवाह फैलाने वालों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें.
कानून हाथ में नहीं लेने की दी सलाह
एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने कहा कि छोटी-छोटी बातों को तूल न दें और किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में नहीं लें. उन्होंने ताजिया कमेटियों एवं जुलूस आयोजकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की. साथ ही कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सुरक्षा के रहेंगे व्यापक इंतजाम
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि चेहल्लुम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे. असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई.
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में बीडीओ सूरज कुमार सिंह, सीओ शमन प्रकाश, एसआई राजेश कुमार समेत प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, ताजिया कमेटियों के प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे. सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़ें: पश्चिम चंपारण में सहयोग शिविर अब 5 अगस्त को, डीएम ने जारी किया निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










