बगहा में एसएसबी-पुलिस की तिरंगा साइकिल रैली, चंडी स्थान पर पौधरोपण कर दिया देशभक्ति का संदेश

Updated:
विज्ञापन

तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे एसएसबी-पुलिस के जवान

बगहा देशभक्ति के रंग में रंगा, जहाँ एसएसबी और पुलिस ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक विशाल साइकिल रैली निकाली. जवानों ने राष्ट्रीय एकता और नागरिकों के कर्तव्यों का संदेश देते हुए चंडी स्थान पर पौधरोपण भी किया.

विज्ञापन

Bagaha News: स्वतंत्रता दिवस के करीब आते ही बगहा देशभक्ति के रंग में रंगने लगा है. गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बगहा पुलिस की ओर से संयुक्त साइकिल रैली निकाली गई. हाथों में तिरंगा लेकर निकले जवानों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी का संदेश दिया. रैली में एसएसबी और पुलिस जवानों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी शामिल हुए.

एसएसबी मुख्यालय से चंडी स्थान तक निकली तिरंगा रैली

तिरंगा साइकिल रैली 21वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय से शुरू होकर अनुमंडल कार्यालय और सदर अस्पताल होते हुए चंडी स्थान पहुंची. रास्ते में तिरंगा लिए जवानों का कारवां लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. जवानों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने की अपील की.

चंडी स्थान पर पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

चंडी देवी स्थान मंदिर परिसर पहुंचने के बाद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. एसएसबी जवानों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने पौधे लगाकर 'देश की रक्षा के साथ पर्यावरण की रक्षा' का संदेश दिया. इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया.

सीमा चौकियों से गांव तक पहुंचा तिरंगे का संदेश

चंडी देवी स्थान से रैली बगहा-2 स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और इसके बाद वापस 21वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय मंगलपुर लौटी. इसी क्रम में सीमा चौकियों पर तैनात एसएसबी जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों के बीच तिरंगे का वितरण किया.

जवानों ने लोगों से 15 अगस्त को पूरे सम्मान और उत्साह के साथ अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की.

तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे एसएसबी-पुलिस के जवान । | Prabhat Khabar Network
तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे एसएसबी-पुलिस के जवान

एसएसबी और पुलिस अधिकारियों ने लिया हिस्सा

रैली में 21वीं वाहिनी एसएसबी बगहा के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत और बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की सहभागिता रही. एसएसबी के अधिकारी-जवानों के साथ बगहा पुलिस के जवानों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, पूर्व एमएलसी भीष्म साहनी समेत कई गणमान्य लोग भी रैली में शामिल हुए.

तिरंगा देश के गौरव और एकता की पहचान : कमांडेंट

एसएसबी कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अभियान है. उन्होंने कहा कि तिरंगा वीर शहीदों के बलिदान और देश के गौरव का प्रतीक है.

बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि एसएसबी और बगहा पुलिस मिलकर तिरंगे को हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस नागरिकों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर देता है.

यह भी पढ़ें: ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ साईं धाम की यात्रा, 1 सितंबर से चलेगी भारत गौरव ट्रेन


विज्ञापन
Jay Prakash Verma

लेखक के बारे में

By Jay Prakash Verma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन