सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला युवक, दो घंटे बाद पोखरा में मिला शव, हत्या की आशंका
जाँच के लिए पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network
बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले 28 वर्षीय अनिल कुमार का शव रामलखन सिंह कॉलेज के पास पोखरा से बरामद हुआ. परिजनों ने युवक की नाक पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई है और मामले की जांच की मांग की है.
बेतिया क्राइम: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पूर्वी करगहिया वार्ड 31 निवासी 28 वर्षीय अनिल कुमार का शव गुरुवार की सुबह रामलखन सिंह कॉलेज के समीप स्थित पोखरा से बरामद किया गया. अनिल मजदूरी करता था. परिजनों के अनुसार वह अहले सुबह करीब चार बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था. करीब छह बजे पोखरा में उसके पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे.
औंधे मुंह पड़ा था शव
परिजनों ने बताया कि पोखरा के पास पहुंचने पर अनिल औंधे मुंह पानी में पड़ा हुआ था. स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया. शव बाहर निकालने के बाद उसकी नाक पर चोट का निशान मिला और वहां से खून का रिसाव हो रहा था. इसके बाद परिजनों ने अनिल की हत्या की आशंका जतायी और मामले की जांच की मांग की.
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मुफस्सिल थाना के दरोगा ओम कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अनिल की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पोखरा में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, शव पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जतायी गयी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवेदन के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ायेगी.
सुबह घर से निकला था अनिल
परिजनों के मुताबिक अनिल रोजाना की तरह सुबह घर से निकला था. करीब चार बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले अनिल के करीब दो घंटे बाद पोखरा में पड़े होने की जानकारी मिली. अचानक शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया. अब परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढे़ं: बगहा में युवक की दिनदहाड़े हत्या, घर के दरवाजे पर फेंका शव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









