पुरानी पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकारी कर्मचारियों ने निकाला जुलूस, समाहरणालय पर किया प्रदर्शन
प्रदर्शन करते कर्मचारी प्रतिनिधि
Begusarai News : बेगूसराय में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने पुरानी पेंशन बहाली और वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर शहर में विशाल प्रदर्शन किया।
Begusarai News : अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के निर्णय एवं राज्य महासंघ के आह्वान पर बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जिला शाखा, बेगूसराय के तत्वावधान में सोमवार को शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन में सैकड़ों महिला और पुरुष कर्मचारी बैनर एवं झंडे के साथ शामिल हुए. कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की.
कर्मचारी भवन से समाहरणालय तक निकाला जुलूस
कर्मचारियों का जुलूस कर्मचारी भवन से शुरू होकर नगर निगम, सदर अस्पताल, नगर थाना, आंबेडकर चौक और कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय गेट पहुंचा. यहां कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए. प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष शंकर मोची ने की.
पुरानी पेंशन लागू करने समेत कई मांगें उठाईं
प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ एवं राज्य महासंघ के अध्यक्ष शशिकांत राय ने सरकार की कर्मचारी, मजदूर और किसान विरोधी नीतियों का विरोध किया. उन्होंने पीएफआरडीए विधेयक को रद्द कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने, ठेका, संविदा, मानदेय, दैनिक वेतन एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों की सेवा नियमित करने तथा समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग की. उन्होंने न्यूनतम 26 हजार रुपये वेतन का भुगतान, चार श्रम संहिताओं को रद्द करने, आठवें वेतन आयोग को लागू करने और तब तक न्यूनतम पांच हजार रुपये अंतरिम राहत देने की मांग की. साथ ही 18 माह के बकाया डीए का भुगतान, रिक्त पदों पर नियमित बहाली, नई शिक्षा नीति वापस लेने, निजीकरण पर रोक लगाने और सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं को बेचना बंद करने की मांग सरकार से की.
संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की सेवा नियमित करने की मांग
जिला मंत्री मोहन मुरारी ने कहा कि सरकार द्वारा ठेका, संविदा, मानदेय, दैनिक वेतन और आउटसोर्सिंग के आधार पर कर्मियों से अल्प मानदेय पर काम लेना अन्याय है. उन्होंने ऐसे कर्मियों की सेवा नियमित करने और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की. उन्होंने लिपिकों को सचिवालय सहायक के पद पर 25 प्रतिशत प्रोन्नति देने, महिला स्वास्थ्य कर्मियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति से मुक्त करने, राजस्व कर्मचारियों एवं पंचायत सचिवों को 2800 ग्रेड पे देने तथा शेष पंचायत सचिवों को उनके गृह जिले में पदस्थापित करने समेत अन्य मांगें भी उठाईं.
कर्मचारी नेताओं ने सरकार से मांगें पूरी करने की अपील की
धरना सभा को अखिल भारतीय राज्य सरकारी महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सह राज्य अध्यक्ष शशिकांत राय, जिला मंत्री मोहन मुरारी, राज्य उपाध्यक्ष जितेंद्र राय, सहायक जिला मंत्री अनिल गुप्ता, उपाध्यक्ष राम दास ठाकुर, सिकंदर कुमार, अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के जिला मंत्री जितेंद्र कुमार, राजीव कुमार, चिकित्सा संघ की राज्य नेत्री सविता कुमारी, जिला नेत्री रेणु कुमारी, पुष्पा कुमारी, ज्योति कुमारी, विजय कुमार, सुरेन कुमार, सोनम कुमारी, कंचन कुमारी, पूनम, निधि, नीरज कुमार सिन्हा, शोभा कुमारी, संजीत कुमार, प्रेम कुमार, रानी, लक्ष्मी और इंदु समेत अन्य कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया. वक्ताओं ने सरकार से कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की.
Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










