तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिगिरिधाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन

मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भीड़

Begusarai News : तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिगिरिधाम में दो लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक. एसडीएम और डीएसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था, पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा रहा.

विज्ञापन

Begusarai News : सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर सोमवार को प्रसिद्ध बाबा हरिगिरिधाम में आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंग गया. सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं. जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, शिवभक्तों की भीड़ लगातार बढ़ती गई. अनुमान के अनुसार करीब डेढ़ लाख से दो लाख श्रद्धालु बाबा हरिगिरिनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे. सुबह करीब एक बजे से ही श्रद्धालुओं द्वारा बाबा पर जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर लगातार जारी रहा.

गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों के जत्थे

दूर-दराज के गांवों और विभिन्न जिलों से पहुंचे कांवरियों के जत्थे गंगाजल लेकर हरिगिरिधाम पहुंचे. भगवा वस्त्रों में सजे कांवरियों और हाथों में जलपात्र लिए शिवभक्तों के कारण पूरा मार्ग बोल बम के नारों से गूंजता रहा. कई श्रद्धालु पैदल लंबी दूरी तय कर हरिगिरिधाम पहुंचे. वहीं बड़ी संख्या में कांवरिये गंगाजल लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर दिखा श्रद्धालुओं का रेला

तीसरी सोमवारी पर हरिगिरिधाम का दृश्य बेहद विहंगम रहा. मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर कांवरियों, महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों का रेला दिखाई दे रहा था. कहीं कांवरियों की टोली बोल बम का जयघोष कर रही थी तो कहीं श्रद्धालु भगवान शिव के भजनों में लीन नजर आए. चारों ओर भगवा रंग और हर-हर महादेव के जयकारों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. मंदिर परिसर में लगातार बज रहे घंटों और शिवभक्तों के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय बना रहा.

Also Read : ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, राहुल और सोनिया गांधी का पुतला फूंका

व्यवस्था संभालने खुद मैदान में उतरे एसडीएम और डीएसपी

श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. बखरी एसडीएम सह हरिगिरिधाम न्यास समिति के अध्यक्ष सन्नी कुमार सौरभ तथा बखरी डीएसपी सह न्यास समिति के उपाध्यक्ष कुंदन कुमार स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्था की निगरानी करते रहे. दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, श्रद्धालुओं की कतार और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल और प्रशासनिक कर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे.

कतारबद्ध तरीके से कराया गया दर्शन और जलाभिषेक

श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर की ओर भेजने और जलाभिषेक के बाद सुरक्षित बाहर निकालने पर विशेष ध्यान दिया गया. भीड़ के अधिक दबाव वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर लगातार निगरानी की गई. सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं का पहुंचना देर रात से ही शुरू हो गया था. अहले सुबह तक मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार दिखाई देने लगी. ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज से आए कई श्रद्धालु रात में ही हरिगिरिधाम पहुंच गए थे.

Also Read : श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, बरौनी होकर होगा परिचालन

भारी भीड़ के बीच भी दिखा अनुशासन

भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला. प्रशासन और मंदिर न्यास समिति की अपील पर श्रद्धालु कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों ने भी भीड़ को व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भीड़
मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भीड़

श्रद्धा और शिवभक्ति में डूबा रहा हरिगिरिधाम

हरिगिरिधाम में उमड़े इस जनसैलाब ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बाबा हरिगिरिनाथ के प्रति लोगों की आस्था कितनी गहरी है. सावन की तीसरी सोमवारी पर हरिगिरिधाम का पूरा इलाका घंटों तक श्रद्धा, भक्ति और शिवभक्ति के सागर में डूबा रहा.

Also Read : बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में मंत्री रामकृपाल यादव ने फहराया तिरंगा, विकास योजनाओं की गिनाईं उपलब्धियां


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन