तीसरी सोमवारी पर बेगूसराय के हरिगिरिधाम में 2 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, SDM-SDPO ने खुद संभाला मोर्चा
तिरंगा रंग के फूलों से सजे हुए भगवान भोले नाथ
तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिगिरिधाम में लाखों शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। एसडीएम और एसडीपीओ ने खुद मोर्चा संभालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बेगूसराय में तीसरी सोमवारी पर बेगूसराय के प्रसिद्ध बाबा हरिगिरिधाम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा इलाका घंटों तक हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा. सोमवार की रात करीब 12 बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था और सुबह होते-होते मंदिर के आसपास लंबी कतारें लग गयीं. अनुमान के मुताबिक करीब डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु बाबा हरिगिरिनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए हरिगिरिधाम पहुंचे. सुबह करीब दो बजे से जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ, जो लगातार चलता रहा.

गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों की टोलियों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया. भगवा कपड़ों में सजे कांवरिये हाथों में जलपात्र लेकर बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे. दूर-दराज के गांवों और दूसरे जिलों से पहुंचे शिवभक्तों के जयकारों से हरिगिरिधाम का पूरा रास्ता शिवमय नजर आया.
मंदिर की ओर जाने वाला हर रास्ता श्रद्धालुओं से भरा
तीसरी सोमवारी पर हरिगिरिधाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का रेला दिखाई देने लगा. मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग, बच्चे और कांवरियों की अलग-अलग टोलियां नजर आयीं. कोई पैदल लंबी दूरी तय कर बाबा के दरबार तक पहुंचा तो कोई गंगाजल लेकर कांवर के साथ पहुंचा.

कहीं बोल बम के जयकारे लग रहे थे तो कहीं श्रद्धालुओं की टोली भजन और शिवगीत गाते हुए आगे बढ़ रही थी. मंदिर परिसर में बजते घंटे और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते रहे. जलाभिषेक के बाद लोगों ने बाबा हरिगिरिनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
भीड़ बढ़ी तो SDM- SDPO ने खुद संभाली कमान
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती. बखरी एसडीएम सह हरिगिरिधाम न्यास समिति के अध्यक्ष सन्नी कुमार सौरव और बखरी एसडीपीओ सह न्यास समिति के उपाध्यक्ष कुंदन कुमार खुद मौके पर डटे रहे. दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर से लेकर प्रवेश और निकास मार्ग तक का निरीक्षण किया और भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी.

अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल और प्रशासनिक कर्मियों ने श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ाया. मंदिर में प्रवेश करने वालों और जलाभिषेक के बाद बाहर निकलने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था पर नजर रखी गयी. जहां भी भीड़ का दबाव बढ़ा, वहां पुलिसकर्मियों की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया.
आधी रात के बाद ही लगने लगी थी लंबी कतार
सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं का पहुंचना आधी रात से ही तेज हो गया था. सुबह होने से पहले ही मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर लंबी कतार बन चुकी थी. ग्रामीण इलाकों के अलावा दूसरे क्षेत्रों से आये कई श्रद्धालु रात में ही हरिगिरिधाम पहुंच गये थे, ताकि सुबह भीड़ बढ़ने से पहले बाबा का दर्शन कर सकें.
कांवरियों की टोली जैसे ही हरिगिरिधाम पहुंचती, पूरा रास्ता बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठता. गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्त सीधे बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे. मंदिर परिसर में लगातार चल रही पूजा-अर्चना और घंटियों की आवाज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
भीड़ के बीच दिखा श्रद्धालुओं का अनुशासन
श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंचने के बावजूद अधिकांश लोग कतार में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये. मंदिर न्यास समिति और प्रशासन की अपील का असर भीड़ के बीच दिखाई दिया. स्थानीय स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों ने भी अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









