वंदे मातरम् के ‘अपमान’ पर राजनीति गरमायी : शुभेंदु बोले- पूरा बंगाल आक्रोशित, राशिद अल्वी ने राष्ट्रगीत को बताया ‘मजहबी’
सुमित्रो चटर्जी, सोनिया गांधी और राशिद अल्वी.
Vande Mataram Row: कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान पर राजनीति गरमा गयी है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और बंकिम चंद्र चटर्जी के वंशज सुमित्रो चटर्जी ने सोनिया गांधी से माफी की मांग की है. शुभेंदु ने कहा कि राष्ट्रगीत का अनादर बंकिम चंद्र का अपमान है. पूरा बंगाल आक्रोशित है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य के अलग-अलग हिस्से में स्वतंत्रता दिवस पर हुई इस घटना का विरोध शुरू कर दिया है.
Vande Mataram Row: स्वतंत्रता दिवस पर नयी दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान पर राजनीति और विरोध प्रदर्शन तेज हो गये हैं. रविवार को वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी के वंशज सुमित्रो चटर्जी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोनिया गांधी से बिना शर्त माफी की मांग की है. कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने पलटवार करते हुए कहा कि माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता. अल्वी ने महात्मा गांधी और कवि गुरु रवींद्रनाथ टैगोर के हवाले से राष्ट्रगीत के दो पैरा के बाद के हिस्से को ‘मजहबी’ बताया.
‘महात्मा गांधी और टैगोर ने सिर्फ 2 वर्सेज को अडॉप्ट किया’
राशिद अल्वी ने रविवार को कहा- 1937 में महात्मा गांधी और रवींद्रनाथ टैगोर दोनों ने सिर्फ 2 वर्सेस को अडॉप किया था. ऐसा इसलिए किया था, क्योंकि बाकी जो वर्सेस हैं, वो मजहबी हैं, धार्मिक हैं. पूरे देश को साथ रखने के लिए महात्मा गांधी और रवींद्रनाथ टैगोर ने सिर्फ 2 वर्सेस को अडॉप्ट किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दावा करें कि वह महात्मा गांधी से बड़े देशभक्त हैं, उनसे बड़े फ्रीडम फाइटर हैं. गांधीजी ने जेल में अपनी जिंदगी गुजारी. उन्होंने सिर्फ 2 वर्सेस को अडॉप्ट किया. अल्वी ने कहा कि जहां तक माफी का सवाल है, तो उसका तो सवाल ही नहीं उठता.
सुमित्रो अपने दादा के वंशज होंगे, वंदे मातरम् के नहीं : अल्वी
राशिद अल्वी ने कहा कि सुमित्रो चटर्जी अपने दादा के वंशज हो सकते हैं. वंदे मातरम के वह वंशज नहीं हैं. पूरा देश वंदे मातरम की इज्जत करता है. इससे किसी व्यक्ति विशेष का कोई ताल्लुक नहीं है . इसलिए वह माफी की मांग नहीं कर सकते. सोनिया गांधी सबसे बड़ी देशभक्त हैं. नरेंद्र मोदी और अमित शाह से ज्यादा.
शुभेंदु अधिकारी ने सोनिया गांधी पर बोला हमला
इससे पहले, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला. कहा कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ को पूरा न गाना राष्ट्रवाद, देशभक्ति और इस कालजयी गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का ‘अपमान’ है. उन्होंने कहा- पूरे देश ने देखा कि राष्ट्रगीत के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने किस तरह अपनी नाराजगी और आपत्ति जतायी.
राष्ट्रगीत के अपमान से पूरा बंगाल आक्रोशित : शुभेंदु
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कांग्रेस पर एक विशेष वोट बैंक को साधने के लिए तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे पश्चिम बंगाल की जनता आक्रोशित है. कांग्रेस पार्टी और सोनिया गांधी को देशवासियों व बंगाल के लोगों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने याद दिलाया कि देश ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है. इसी क्रम में बंगाल की भाजपा सरकार ने राज्य के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में प्रार्थना के समय ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन अनिवार्य कर दिया है.
ये भी पढ़ें: वंदे मातरम् विवाद : अमित शाह ने कहा- सोनिया गांधी का पाप जनता कभी माफ नहीं करेगी
संसद ने पास किया है नया कानून
शुभेंदु अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के वंशज सुमित्रो (सुमित्रा) चट्टोपाध्याय ने भी सोनिया गांधी और खरगे को पत्र लिखकर इस आचरण का कड़ा विरोध किया है. उन्होंने याद दिलाया कि राष्ट्रगीत के सम्मान की रक्षा के लिए केंद्र सरकार ने 30 जुलाई 2026 को ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) कानून 2026’ संसद ने विधेयक पारित कर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समकक्ष दर्जा दिया है. नये कानून के तहत ‘वंदे मातरम्’ का किसी भी प्रकार से अपमान करना अब कानूनन दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










