बेगूसराय में बूढ़ी गंडक ने निगला एक और मासूम, 24 घंटे बाद 3 किशोरों में से 1 का मिला शव; 2 अयं की तलाशी जारी

Updated:
विज्ञापन

नदी से आदर्श का शव लेकर बाहर निकलते हुए एसडीआरएफ टीम

बेगूसराय के बसौना घाट पर बूढ़ी गंडक नदी में डूबे तीन किशोरों में से एक का शव मिला, दो की तलाश जारी. एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

विज्ञापन

Begusarai News : बेगूसराय के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत स्थित बसौना घाट पर रविवार को बूढ़ी गंडक नदी में डूबे तीन किशोरों में से एक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया. एसडीआरएफ की टीम ने करीब 13 वर्षीय आदर्श कुमार का शव नदी के गहरे हिस्से से निकाला. आदर्श मंझौल पंचायत-3 के वार्ड-6 स्थित गहवर टोला निवासी बबलू सहनी का पुत्र था. बेटे का शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई. इलाके में भी मातम पसर गया.

हादसे के बाद से ही नदी में पिकेश कुमार और पवन कुमार की तलाश जारी है. एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट और अन्य संसाधनों के साथ दोनों किशोरों को खोजने में जुटी है. स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण भी अभियान में टीम का सहयोग कर रहे हैं.

पांच किशोर पहुंचे थे नदी में नहाने

जानकारी के अनुसार रविवार को मंझौल इलाके के पांच किशोर बूढ़ी गंडक नदी के बसौना घाट पर नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान तीन किशोर नदी के गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे. साथ आए दो किशोरों ने जब अपने साथियों को पानी में डूबते देखा तो घबरा गये और वहां से निकलकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी और ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी.

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस भी सक्रिय हुई. नदी किनारे एक साइकिल मिली, जिस पर अमित अनुराग मंझौल लिखा हुआ था. साइकिल मिलने के बाद प्रशासन ने मंझौल क्षेत्र में माइकिंग कराकर लोगों को घटना की जानकारी दी और लापता किशोरों के बारे में पता लगाने की कोशिश शुरू की.

माइकिंग सुनकर नदी किनारे पहुंचे परिजन

प्रशासन की माइकिंग की जानकारी मिलने के बाद लापता बच्चों के परिजन नदी किनारे पहुंचे. पूछताछ के बाद तीनों किशोरों की पहचान हुई. इनमें मंझौल पंचायत-1 के धर्मराय टोला वार्ड-3 निवासी मुन्ना यादव का 12 वर्षीय पुत्र पिकेश कुमार, इसी टोला के अर्जुन यादव का 11 वर्षीय पुत्र पवन कुमार और मंझौल पंचायत-3 के वार्ड-6 गहवर टोला निवासी बबलू सहनी का 13 वर्षीय पुत्र आदर्श कुमार शामिल था.

तीन की हुई पहचान

तीनों के लापता होने की पुष्टि के बाद परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गयी. परिजन देर तक नदी किनारे अपने बच्चों के लौटने की उम्मीद लगाये रहे. ग्रामीण भी लगातार नदी में उतरकर संभावित स्थानों पर तलाश करते रहे.

शाम से चल रहा था तलाशी अभियान

घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार शाम एसडीआरएफ की टीम बसौना घाट पहुंची और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने भी टीम के साथ मिलकर काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक तीनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका.

सोमवार सुबह मिली सफलता

रात में तलाशी अभियान रोकने के बाद सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने फिर से सघन खोज शुरू की. टीम मोटरबोट और दूसरे जरूरी संसाधनों के साथ नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश कर रही थी. इसी दौरान नदी के गहरे हिस्से में एसडीआरएफ की बोट के हिलकोरा खाने पर पानी के अंदर शव दिखाई दिया. टीम ने तुरंत वहां पहुंचकर शव को बाहर निकाला.

आदर्श का शव मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

नदी से शव बाहर निकाले जाने के बाद उसकी पहचान आदर्श कुमार के रूप में हुई. स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया गया.

आदर्श के शव मिलने की सूचना उसके परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची तो माहौल गमगीन हो गया. जिस परिवार को बेटे के सुरक्षित लौटने की उम्मीद थी, वहां मातम छा गया. ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं.

दो किशोरों की तलाश अब भी जारी

आदर्श का शव मिलने के बाद भी एसडीआरएफ का अभियान खत्म नहीं हुआ है. टीम पिकेश कुमार और पवन कुमार की तलाश में नदी के गहरे हिस्सों में खोजबीन कर रही है. स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर भी अभियान में मदद कर रहे हैं.

एक ही घटना में तीन किशोरों के नदी में डूबने से मंझौल और बसौना घाट इलाके में शोक का माहौल है. परिजनों की नजर अब नदी की ओर लगी हुई है और सभी को उम्मीद है कि लापता दोनों किशोरों का भी जल्द पता चल सकेगा.

Also Read : बूढ़ी गंडक नदी में नहाने गए तीन किशोर लापता, तलाश में जुटी पुलिस और स्थानीय लोग



विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन