बीहट रिफाइनरी रोड की जर्जर स्थिति से लोग परेशान, उप मुख्य पार्षद ने डीएम को पत्र लिख ध्यान कराया आकृष्ट

जर्जर सड़क | Prabhat Khabar Network
बरौनी रिफाइनरी के पास बीहट-रिफाइनरी सड़क की जर्जर हालत से स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है. सड़क पर बने अनगिनत गड्ढे हादसों का सबब बन रहे हैं. इस गंभीर समस्या को देखते हुए उप मुख्य पार्षद ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया है.
Begusarai News: बेगूसराय जिले के बीहट चांदनी चौक से महात्मा गांधी +2 विद्यालय होते हुए रेलवे केबिन तक जाने वाली बीहट-रिफाइनरी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क में जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं. बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे आए दिन साइकिल और बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं. सड़क की इस बदहाली से छात्र-छात्राओं, रिफाइनरी कर्मियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
बरौनी रिफाइनरी से शीघ्र मरम्मत कराने का किया अनुरोध
समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद बीहट के उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया है. उप मुख्य पार्षद ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं. चूंकि इस मार्ग का निर्माण और रखरखाव बरौनी रिफाइनरी द्वारा किया जाता है, इसलिए उन्होंने डीएम से मांग की है कि रिफाइनरी प्रबंधन को आवश्यक निर्देश भेजकर सड़क का पुनर्निर्माण व मरम्मत जल्द से जल्द शुरू कराया जाए. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की गुहार लगाई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










